Jamshedpur Jaya Kishori Pravachan : जया किशोरी की मधुर वाणी से गूंजा ‘नानी बाई रो मायरो’
प्रथम दिन उमड़ी भारी भीड़, साकची बोधी मंदिर मैदान में हो रहा आयोजन
जमशेदपुर : सामाजिक एवं धार्मिक संस्था नारायणी सेवा ट्रस्ट द्वारा आयोजित तीन दिवसीय ‘नानी बाई रो मायरो’ धार्मिक कथा का शुभारंभ मंगलवार को साकची बोधी मंदिर मैदान में हुआ. कथा के प्रथम दिन विख्यात आध्यात्मिक वक्ता जया किशोरी ने व्यास पीठ से भक्तों को भक्ति और आस्था के रस में सराबोर कर दिया. इस दौरान जया किशोरी ने नरसी मेहता के जीवन प्रसंगों का भावपूर्ण वर्णन करते हुए उनकी अटूट श्रद्धा, सादगी और भगवान श्री कृष्ण के प्रति समर्पण को उजागर किया. बताया कि नरसी मेहता बचपन में मूक-बधिर थे, लेकिन कृष्ण कृपा से उन्होंने वाणी प्राप्त की और अपना जीवन भक्ति में समर्पित कर दिया. उन्होंने ‘नानी बाई रो मायरो’ प्रसंग के माध्यम से समझाया कि सच्ची भक्ति में कितनी शक्ति होती है. गरीबी के बावजूद नरसी मेहता ने भगवान पर अटूट विश्वास बनाए रखा, जिसके परिणामस्वरूप स्वयं भगवान कृष्ण ने उनका रूप धारण कर उनकी पुत्री नानी बाई के ससुराल में अपेक्षा से कई गुना अधिक मायरा भरा. यह कथा केवल पौराणिक प्रसंग नहीं, बल्कि आस्था और विश्वास की शक्ति का जीवंत उदाहरण है.
कथा के प्रारंभ में पारंपरिक रूप से गणेश वंदना, कलश स्थापना, नवग्रह पूजन एवं ठाकुर जी की विधिवत पूजा-अर्चना कराई गई. कोलकाता से आए आचार्य अभिषेक तिवारी ने वैदिक रीति से पूजा सम्पन्न कराई. व्यास पीठ पर विराजमान होने के बाद जया किशोरी का पारंपरिक स्वागत किया गया. यह आयोजन आगामी 2 अप्रैल तक चलेगा. कल, दूसरे दिन कथा में कुमकुम पत्रिका प्रेषण, नरसी मेहता का अंजार नगर प्रस्थान और श्रीकृष्ण-नरसी मिलन के प्रसंगों का वाचन होगा. कार्यक्रम के सफल आयोजन में ट्रस्ट के अध्यक्ष राजकुमार चंदूका सहित राजकुमार संघी, कैलाश सरायवाला, विजय मित्तल, अनिल नरेडी, ललित सरायवाला, नवीन पोद्दार, किशन सोंथालिया, अभिषेक भालोटिया, रोहित अग्रवाल, अभिषेक अग्रवाल गोल्डी, राम रतन कांवटिया, समीर दिवान, अजय खेमका, अजय अग्रवाल, नेहा सोंथालिया, मेघा चौधरी, कृतिका गुप्ता, रिंकी भालोटिया, विजय लक्ष्मी भालोटिया, स्नेहा अग्रवाल आदि का योगदान रहा.

