Jamshedpur Johar Night Me Cultural Event : मागे सुसून महोत्सव में बांटी जाएगी 2.11 लाख की पुरस्कार राशि
देशभर के 11 राज्यों के नृत्य दल करेगा अपना प्रदर्शन, आर्ट प्रतियोगिता के बच्चे होंगे पुरस्कृत
जमशेदपुर : ‘जोहार ट्रस्ट’ के तत्वावधान में राष्ट्रीय मागे महोत्सव का आयोजन 11-12 अप्रैल को बिष्टुपुर गोपाल मैदान में किया जाएगा. इस दो दिवसीय सांस्कृतिक महोत्सव ‘जोहार नाइट’ में देश के विभिन्न राज्यों से आदिवासी समुदाय के प्रतिनिधि और कलाकार शामिल होंगे. महोत्सव के दौरान पारंपरिक गीत, संगीत, नृत्य और खेलकूद के साथ-साथ रंगारंग सांस्कृतिक कार्यक्रमों की प्रस्तुति दी जाएगी. साथ ही समाज के विभिन्न क्षेत्रों में उत्कृष्ट योगदान देनेवाले व्यक्तियों को संस्था द्वारा सम्मानित किया जाएगा. उक्त जानकारी आज गोलमुरी स्थित हो समाज भवन में आयोजित पत्रकार सम्मेलन में मातृशक्तियों ने दी.
बताया कि आयोजन में लगभग 100 स्टॉल लगाए जाएंगे, जिनमें विभिन्न प्रकार के व्यंजन, पारंपरिक परिधान, पुस्तकें, आर्ट एवं क्राफ्ट, फर्नीचर, डेकोरेशन आइटम, इलेक्ट्रॉनिक गैजेट्स, कार एवं बाइक के साथ-साथ आदिवासी परिधान, देसी जड़ी-बूटी और पारंपरिक व्यंजनों के स्टॉल भी शामिल होंगे. उन्होंने बताया कि कार्यक्रम के तहत 11 अप्रैल को तुरामडीह क्लब में ‘जोहार संवाद’ का आयोजन होगा, जिसमें समाज में उत्कृष्ट कार्य करनेवाले प्रतिनिधियों को सम्मानित किया जाएगा तथा आदिवासी संस्कृति और परंपरा पर विचार-विमर्श होगा.
दूसरे दिन, 12 अप्रैल को बिष्टुपुर गोपाल मैदान में मुख्य आयोजन राष्ट्रीय मागे महोत्सव एवं मागे सूसून प्रतियोगिता होगी. इसमें 11 राज्यों से आए विभिन्न नृत्य दल भाग लेंगे. प्रतियोगिता की कुल पुरस्कार राशि 2,11,000 रुपये होगी, जिसमें प्रमाण पत्र एवं मोमेंटो भी दिए जाएंगे. इसके अलावा गत 5 अप्रैल को संपन्न जोहार आर्ट प्रतियोगिता में चयनित बच्चों को इस दिन पुरस्कृत किया जाएगा. पत्रकार सम्मेलन में रोशनी कुमारी, लिसा गुडिय़ा, सरस्वती गुईया, अमीषा गगराई, सरिता चकिया, मैरी टोपनो, डॉली लुगुन, सोम्बरी दिग्गी, रानी गोडसोरा व जानो पूर्ति मौजूद थीं.
मुंडा-चंपाई सहित सांसद, विधायक होंगे शामिल
समारोह में कई गण्यमान्य अतिथि होंगे, जिसमें पूर्व मुख्यमंत्री अर्जुन मुंडा, चंपाई सोरेन, मधु कोड़ा के अलावा सांसद विद्युत वरण महतो, पूर्व सांसद गीता कोड़ा, विधायक दशरथ गागराई, मीरा मुंडा आदि के नाम शामिल है. साथ ही टाटा स्टील एवं तुरामडीह प्रबंधन के पदाधिकारी भी कार्यक्रम में शामिल होंगे.
बिगेस्ट डांस चैलेंज में 15 टॉपर डांसर देंगे अपनी प्रस्तुति
उक्त आयोजन में देश के 11 जनजातीय समूहों द्वारा पारंपरिक नृत्य, संगीत और लोकगीत प्रस्तुत किए जाएंगे. इसके अलावा ग्रैंड फिनाले ‘बिगेस्ट डांस चैलेंज’ में देशभर से चयनित टॉप 15 डांसर अपनी प्रस्तुति देंगे, जिसकी पुरस्कार राशि 1 लाख रुपये निर्धारित है. प्रतियोगिता की निर्णायक प्रसिद्ध डांस रियलिटी शो ‘डांस प्लस सीजन-6’ की विजेता स्नेहा चक्रवर्ती होंगी. साथ ही बॉलीवुड एवं झारखंड, उड़ीसा और बंगाल के जनजातीय कलाकारों द्वारा भी रंगारंग कार्यक्रम प्रस्तुत किए जाएंगे.

