अपनी भाषा व संस्कृति को कायम रखने के प्रति रहें सचेत : विद्युत
बिस्टुपुर गोपाल मैदान में करम महोत्सव की धूम, जुटे हज़ारों लोग
जमशेदपुर : कुड़मी सेना की ओर से रविवार को बिस्टुपुर गोपाल मैदान में करम महोत्सव मनाया गया. इसकी शुरुआत मैदान परिसर में ही करम डाल लगाकर उसकी पूजा कर की गई. आयोजन में अतिथियों के रूप में जमशेदपुर के सांसद विद्युत वरण महतो, डुमरी के विधायक जयराम कुमार महतो, पुलिस एसोसिएशन के प्रदेश अध्यक्ष राहुल मुर्मू, संयुक्त सचिव संतोष महतो आदि मौजूद थे. इस अवसर पर झाडग़्राम (प. बंगाल) की गायिका पीहू रानी महतो सहित झारखंड व ओडि़शा के कलाकारों ने झूमर व करम गीत गाकर वहां आये हुए लोगों को झारखंडी संस्कृति से जोड़े रखा. सभी अतिथियों का स्वागत पीला गमछा व पर्यावरण संरक्षण का संदेश देते हुए एक-एक पौधा देकर किया गया. देर शाम प. बंगाल के मंत्री श्रीकांत महतो तथा जमशेदपुर पश्चिम के विधायक सरयू राय भी आयोजन में पहुंचे, जहां संगठन के केन्द्रीय अध्यक्ष शैलेन्द्र महतो ने उनका स्वागत किया.
सांसद विद्युत महतो ने कहा कि लंबी लड़ाई के बाद झारखंड अलग राज्य मिला, लेकिन आज भी यह समाज कुड़माली भाषा को आठवीं अनुसूची में शामिल करने की लड़ाई लड़ रहा है. अलग राज्य के लिये तो एक लड़ाई हमलोग लड़ चुके हैं, अब अपनी भाषा, संस्कृति, परंपरा को कायम रखने की लड़ाई लडऩे की जरुरत है. कार्यक्रम को सफल बनाने में संगठन के केन्द्रीय अध्यक्ष शैलेन्द्र महतो, प्रदेश अध्यक्ष विशाल महतो, अधिवक्ता अरविंद कुमार महतो, हराधन प्रमाणिक, गणेश गोप, प्रवीर महतो, सूरज महतो, विष्णुदेव महतो, अजय महतो, प्रेम महतो, विजय महतो, विकास महतो, नीलाम्बर महतो, कार्तिक महतो, देव महतो, प्रशांत महतो, नेपाल महतो, सोमनाथ महतो, मनोज महतो, रमेश महतो, रोहित महतो, देव महतो आदि ने सक्रिय भूमिका निभाई.
विद्युत-जयराम ‘कुड़मी रत्न’ व राहुल- संतोष को ‘गौरव रत्न’
समारोह में सांसद विद्युत वरण महतो एवं विधायक जयराम कुमार महतो को आयोजकों ने ‘कुड़मी रत्न’ प्रदान कर सम्मानित किया. वहीं संतोष महतो व राहुल मुर्मू को ‘गौरव रत्न’ प्रदान किया गया. शहीद निर्मल महतो हत्याकांड के मुख्य गवाह सह झारखंड आंदोलनकारी निर्मल भट्टाचार्य को भी ‘आंदोलनकारी गौरव रत्न’ प्रदान कर सम्मानित किया गया. मौके पर कृष्णा बनर्जी को ‘शिक्षाविद गौरव रत्न’ प्रदान किया गया.
करम पूजा राज्य की अलग पहचान
पुलिस एसोसिएशन के अध्यक्ष राहुल मुर्मू ने कहा कि यही हमारी सांस्कृतिक पहचान है. इसे हमे कायम रखना है. वहीं एसोसिएशन के संयुक्त सचिव संतोष महतो ने कहा कि करम पूजा झारखंड की अलग पहचान है. आज राज्य के कई जिलों में महोत्सव का आयोजन किया जा रहा है.
सृजन शक्ति का पर्व है करम, सीखाता है अनुशासन : टाइगर
डुमरी के विधायक जयराम महतो ने कहा कि हमारी पहचान संस्कृति और परंपरा से है. लेकिन इसमें ए नकारात्मक पहलू यह है कि राज्य के निवासियों ने अन्य राज्यों की संस्कृति व परंपरा को तो सीख लिया, लेकिन अपनी परंपरा उन्हें नहीं सीखा पाए. हमारा पर्व त्योहार प्रकृति से जुड़ा हुआ है. उन्होंने कहा कि करम सृजन शक्ति का पर्व है, जो हमें अनुशासन का भी संदेश देता है. यह पर्व विज्ञान से भी जुड़ा हुआ है. हमारा नाता प्रकृति से है और जल, जंगल, जमीन से जुड़ा हुआ है. हमारा पर्व त्योहार बहुत महान है. समाज की नई पीढ़ी से उन्होंने अपील की कि चाहे आप अंतरिक्ष पर चले जाएं, जितना भी विकास कर लें, लेकिन अपनी जड़ों को न छोड़ें, क्योंकि यही हमारी पहचान को कायम रखेगा.
आयोजन स्थल पर दिखा जयराम का ‘क्रेज’
डुमरी के विधायक टाइगर जयराम महतो का क्रेज देखने को मिला. संचालक ने मंच से जैसे ही घोषणा की कि टाइगर मैदान परिसर में प्रवेश कर रहे हैं, लोगों की भीड़ उनकी कार की ओर दौड़ पड़ी. हर एक व्यक्ति इस पल को अपने मोबाइल के कैमरे में कैद करने को आतुर रहे. यही नहीं, उनके साथ-साथ लोग वीडियो बनाते रहे. मंच पर भी लोग उनके साथ सेल्फी खींचाने के लिये बैचेन रहे.

