Jamshedpur Mango Jewellery Fraud : मानगो में दिनदहाड़े ज्वेलरी दुकान से 25 लाख की ठगी
ग्राहक बनकर आया था आरोपी, सीसीटीवी में पूरा वाकया कैद
जमशेदपुर : मानगो उलीडीह थाना क्षेत्र में मंगलवार को एक बड़ी ठगी की घटना सामने आई है. शंकोसाई रोड नंबर 1 स्थित रिफ्यूजी कॉलोनी के सामने मौजूद विश्वनाथ ज्वेलर्स में एक आरोपी ग्राहक बनकर आया और चतुराई से करीब 25 लाख रुपये के जेवर लेकर फरार हो गया. दुकान संचालक विश्वनाथ दत्ता के बेटे को झांसे में लेकर आरोपी ने पहले भरोसा जीता और फिर मौके का फायदा उठाकर महंगे आभूषण लेकर निकल गया. घटना के बाद इलाके में हड़कंप मच गया.
सूचना मिलते ही पुलिस हरकत में आई. मामले की पूरी जानकारी और दुकान में लगे सीसीटीवी फुटेज जिले के वरीय पुलिस अधिकारियों को सौंप दी गई है. फुटेज के आधार पर आरोपी की पहचान करने की कोशिश की जा रही है. पुलिस ने बताया कि जल्द ही आरोपी को गिरफ्तार कर लिया जाएगा. फिलहाल पूरे मामले की जांच जारी है.
इस संबंध में विश्वनाथ दत्ता ने बताया कि सोमवार की शाम उनका 16 वर्षीय बेटा अभिजीत दत्ता दुकान में था. उस समय एक युवक जो टोपी पहना हुआ था दुकान में आकर लगभग 5500 रु. का सोने का सामान खरीद के पैसा देकर चला गया. वही युवक मंगलवार की सुबह लगभग 11:30 बजे जब विश्वनाथ दत्ता का बेटा अभिजीत दत्ता दुकान में था उसी समय दोबारा जाकर उसे सोने की जेवरात दिखाने की बात करने लगा. जब अभिजीत दत्ता ने उसे गहने रखे हुए बॉक्स खोलकर सोने के गहने दिखाने लगा उसी समय अपराधी ने स्वयं दोनों हाथ लगाकर बॉक्स से सोने की जेवर से भरा हुआ एक बक्सा निकालकर अपने पीछे पॉकेट में रख लिया जिसे सीसीटीवी कैमरे के रिकॉर्डिंग में साफ देखा जा सकता है. कुछ देर बाद अपराधी अभिजीत दत्ता को गुमराह कर दुकान से सोने से भरा चोरी का डब्बा लेकर फरार हो गया. थोड़ी देर बाद जब अभिजीत को इसकी जानकारी मिली तो वह अपने पिताजी को फोन करके मामले की जानकारी दी. जानकारी मिलते ही दुकान के मालिक विश्वनाथ दत्ता दुकान पहुंचे तो वें हतप्रभ हो गए क्योंकि जो बक्सा चोरी हुआ था उसमें सबसे अधिक कीमत की सोने के गहने रखे हुए थे. विश्वनाथ दत्ता ने इसकी जानकारी उलीडीह थाने में दी.

