Jamshedpur Miss Universe And Teen Competition : दीपाली मिस यूनिवर्स व वैष्णवी दुर्गा ने जीता मिस टीन का खिताब
रांची के ओरमांझी में हुआ आयोजन, मेयर रोशनी खलको ने की शिरकत
जमशेदपुर : झारक्राफ्ट की प्रस्तुति में मिस यूनिवर्स झारखंड और मिस टीन झारखंड का आयोजन रांची के ओरमांझी स्थित एक वाटर पार्क एंड रिसोर्ट में किया गया. कार्यक्रम का आयोजन ज़िंक इवेंट्स द्वारा किया गया, जिसमें काफी संख्या में दर्शकों ने भाग लेकर प्रतिभागियों का उत्साहवर्धन किया. कार्यक्रम की मुख्य अतिथि रांची की मेयर रौशनी खलको तथा विशिष्ट अतिथि झारक्राफ्ट की मैनेजिंग डायरेक्टर गरिमा सिंह रहीं. आयोजन में मिस यूनिवर्स इंडिया 2025 की विजेता मनिका विश्वकर्मा विशेष आकर्षण का केंद्र रहीं और जूरी की प्रमुख सदस्य के रूप में उपस्थित थीं. उनके साथ मिस यूनिवर्स झारखंड 2024 की विजेता सत्ताक्षी किरण, मिस अर्थ एंजेल मरीना तिर्की और मिस यूनिवर्स नेशनल टीम के अमज़द खान ने जज की भूमिका निभाई.
प्रतियोगिता में कुल आठ राउंड आयोजित किए गए, जिनमें झारक्राफ्ट कल्चरल राउंड खास आकर्षण रहा. इस राउंड में सभी प्रतिभागियों ने झारक्राफ्ट की पारंपरिक पोशाक में रैंप वॉक किया. कार्यक्रम के अंत में गरिमा सिंह ने भी प्रतिभागियों के साथ रैंप वॉक कर दर्शकों का दिल जीत लिया. मिस यूनिवर्स झारखंड के खिताब के लिए राज्यभर से 30 प्रतिभागियों ने हिस्सा लिया, जिसमें बोकारो की दीपाली रिया ने शानदार प्रदर्शन करते हुए विजेता का ताज अपने नाम किया. उन्हें मनिका विश्वकर्मा द्वारा क्राउन पहनाया गया, जबकि अमज़द खान ने उन्हें सैश पहनाया. प्रतियोगिता में शायनी मिंज को प्रथम रनर-अप और तुषिता सूर्यवंशी को द्वितीय रनर-अप चुना गया.
वहीं मिस टीन झारखंड प्रतियोगिता में 13 प्रतिभागियों के बीच कड़ी प्रतिस्पर्धा देखने को मिली, जिसमें वैष्णवी दुर्गा ने बेहतरीन प्रदर्शन कर खिताब अपने नाम किया. उन्हें सत्ताक्षी किरण द्वारा क्राउन पहनाया गया. कार्यक्रम को सफल बनाने में रूचि सेठ, चंद्रा, मनीष, अभिषेक प्रधान, नैना, अमर सहित अन्य लोगों की महत्वपूर्ण भूमिका रही. आयोजन के निदेशक नीतीश साह ने कार्यक्रम की सफलता पर सभी का आभार व्यक्त किया.

