Jamshedpur MLA Mangal Pujan : विधायक मंगल ने दिया सौहार्द और आदर्श का संदेश
जुगसलाई के कई आयोजनों में पहुंचे, लिया भगवान का आशीर्वाद
जमशेदपुर : मर्यादा पुरुषोत्तम भगवान श्रीराम के जन्मोत्सव रामनवमी के अवसर पर जुगसलाई विधायक मंगल कालिंदी ने विभिन्न स्थानों पर आयोजित धार्मिक कार्यक्रमों में भाग लिया. जुगसलाई के विधायक मंगल कालिंदी कैरेज कॉलोनी हरिजन बस्ती, बर्मामाइंस में डॉ. बी आर. अंबेडकर बॉयज क्लब द्वारा आयोजित कार्यक्रम, कैरिज कॉलोनी छठ घाट में श्री श्री रामनवमी पूजा अखाड़ा समिति, नामोटोला हलुदबनी स्थित बजरंगबली मंदिर फुटबॉल मैदान में श्री श्री महावीर अखाड़ा तथा जुगसलाई बलदेव बस्ती उपर टोला में स्वयं शिक्षा सेवा समिति द्वारा आयोजित रामनवमी महोत्सव और सम्मान समारोह में शामिल हुए.
इस दौरान उन्होंने बजरंगबली की पूजा-अर्चना कर राज्य में सुख, शांति और समृद्धि की कामना की. विधायक ने उपस्थित श्रद्धालुओं और आयोजन समितियों के सदस्यों को रामनवमी की शुभकामनाएं देते हुए कहा कि भगवान श्रीराम का जीवन धैर्य, त्याग, तपस्या और कर्तव्य पालन की प्रेरणा देता है. उन्होंने लोगों से भगवान राम के आदर्शों को अपने जीवन में अपनाने और समाज में आपसी प्रेम, भाईचारा और सौहार्द बनाए रखने का आह्वान किया. श्री कालिंदी ने कहा कि रामनवमी केवल एक धार्मिक पर्व नहीं, बल्कि समाज को एकजुट करने और नैतिक मूल्यों को मजबूत करने का अवसर भी है.

