Jamshedpur MLA Saryu Station Dharna : रेलवे ने विधायक सरयू को नहीं दिया लिखित प्रतिवेदन
स्टेशन में नागरिक धरना आज, तैयारियां पूरी
जमशेदपुर : रेलवे के सहायक मंडल वाणिज्य प्रबंधक ने जनता दल यूनाइटेड के महानगर अध्यक्ष और 7 अप्रैल को आयोजित धरना कार्यक्रम के संयोजक अजय कुमार के पत्र पर जवाब भेजा है. अजय कुमार के अनुसार, वह इस जवाब से कतई संतुष्ट नहीं हैं. यहां जारी बयान में अजय ने कहा कि पत्र के पहले बिंदु में जिन तथ्यों को सहायक मंडल वाणिज्य प्रबंधक ने त्वरित कार्यवाही के रुप में बताया है. उसका कोई असर नहीं है, बाकी जो अल्पकालीन और दीर्घकालीन प्रयासों की बात है, वह उनकी अपनी योजना की चीजें हैं.
उन्होंने कहा कि एकदिन पूर्व रविवार को डीआरएम के साथ जमशेदपुर पश्चिम के विधायक सरयू राय की बैठक में श्री राय ने कहा था कि बीते तीन महीने में कौन-कौन गाडिय़ां कितनी विलंब से चली हैं, उनका विश्लेषण कर उन्हें (श्री राय को) रिपोर्ट दी जाए. श्री राय ने डीआरएम से यह भी कहा था कि बीते पांच साल में कितनी गाडिय़ां जमशेदपुर होकर गुजरीं, उनकी संख्या में कोई कमी-बेशी हुई हो तो उसकी जानकारी दें ताकि यह पता चल सके कि अगर ट्रेनों की संख्या नहीं बढ़ी तो वो कौन से कारण हैं, जिससे ट्रेनें विलंब होती रही हैं. श्री राय ने यह भी कहा था कि अगर जरूरत पड़े तो मालगाडिय़ों को रोककर यात्री ट्रेनों को बढ़ाया जाए लेकिन इन मुद्दों के बारे में कोई भी लिखित प्रतिवेदन नहीं मिला.
