Jamshedpur Police Transfer : जमशेदपुर पुलिस में बड़ा प्रशासनिक फेरबदल, 17 थाना प्रभारी इधर से उधर
- SSP पीयूष पांडेय के आदेश से कई प्रमुख थानों की जिम्मेदारी बदली
Jamshedpur/Jharkhand: जमशेदपुर पुलिस विभाग में प्रशासनिक व्यवस्था को और अधिक प्रभावी बनाने के उद्देश्य से बड़ा फेरबदल किया गया है। वरीय पुलिस अधीक्षक (SSP) पीयूष पांडेय ने एक साथ 17 थाना प्रभारियों का तबादला करते हुए नई पदस्थापन सूची जारी की है। यह आदेश तत्काल प्रभाव से लागू कर दिया गया है।
पुलिस विभाग के इस व्यापक फेरबदल को कानून-व्यवस्था को और सुदृढ़ करने तथा पुलिसिंग की कार्यक्षमता बढ़ाने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम माना जा रहा है। इस बदलाव में शहर के कई प्रमुख थानों के प्रभारी भी शामिल हैं।
प्रमुख थानों में बदले गए प्रभारी
जारी आदेश के अनुसार साकची थाना प्रभारी आनंद कुमार मिश्र को सीतारामडेरा थाना प्रभारी बनाया गया है। वहीं सीतारामडेरा थाना प्रभारी निरंजन कुमार को हटाकर बर्मामाइंस थाना प्रभारी की जिम्मेदारी सौंपी गई है।सिदगोड़ा थाना प्रभारी वीरेंद्र कुमार को जमशेदपुर कोर्ट का सुरक्षा प्रभारी बनाया गया है। वहीं टेल्को थाना प्रभारी प्रशांत कुमार को साकची सीसीआर में भेजा गया है। इसके अलावा बर्मामाइंस थाना प्रभारी दिलीप कुमार यादव को जादूगोड़ा का सर्किल इंस्पेक्टर नियुक्त किया गया है।
कई अधिकारियों को मिली नई जिम्मेदारी
प्रशासनिक आदेश के तहत बागबेड़ा थाना प्रभारी गोपाल कृष्ण यादव को साकची थाना प्रभारी बनाया गया है। वहीं घाटशिला थाना प्रभारी वंश नारायण सिंह को मुसाबनी का सर्किल इंस्पेक्टर नियुक्त किया गया है। इसके साथ ही मुसाबनी के सर्किल इंस्पेक्टर उमेश कुमार ठाकुर को बागबेड़ा थाना प्रभारी की जिम्मेदारी सौंपी गई है।
जादूगोड़ा सर्किल इंस्पेक्टर सुरेश प्रसाद को टेल्को थाना प्रभारी बनाया गया है। वहीं साकची सीसीआर में तैनात फैज़ अहमद को सिदगोड़ा थाना प्रभारी नियुक्त किया गया है।
नए थाना प्रभारियों की नियुक्ति
पुलिस विभाग की जारी सूची के अनुसार जमशेदपुर कोर्ट के सुरक्षा प्रभारी राजेंद्र मुंडा को घाटशिला थाना प्रभारी बनाया गया है। इसके अलावा अजय कुमार ठाकुर को पटमदा का सर्किल इंस्पेक्टर नियुक्त किया गया है। वहीं बोड़ाम थाना प्रभारी मनोरंजन कुमार और जादूगोड़ा थाना प्रभारी राजेश कुमार मंडल को गोलमुरी पुलिस लाइन क्लोज कर दिया गया है। उनकी जगह नीरज कुमार को बोड़ाम थाना प्रभारी और ईश्वर दयाल मुंडा को जादूगोड़ा थाना प्रभारी की जिम्मेदारी दी गई है।
पुलिसिंग को मजबूत बनाने की कवायद
पुलिस अधिकारियों के अनुसार यह फेरबदल प्रशासनिक कार्यप्रणाली को अधिक प्रभावी बनाने और क्षेत्र में कानून-व्यवस्था को मजबूत करने के उद्देश्य से किया गया है। माना जा रहा है कि नए पदस्थापन के बाद विभिन्न थाना क्षेत्रों में पुलिसिंग और बेहतर होगी तथा अपराध नियंत्रण की दिशा में भी सकारात्मक परिणाम सामने आएंगे।
Also Read : Jamshedpur proud : जमशेदपुर की दीप्ति खे़मानी ने 53 वर्ष में माउंट किलिमंजारो किया फतह, शौक जो बन गया जुनून
