Jamshedpur RMS High School Silver Jubilee : काफी उतार-चढ़ाव रहा 25 वर्षों का शैक्षणिक सफर
आरएमएस हाई स्कूल खुंटाडीह का सिल्वर जुबिली समारोह रविवार को
जमशेदपुर : आरएमएस हाई स्कूल, खुंटाडीह (सोनारी) ने शैक्षणिक क्षेत्र में अपना 25 वर्ष का सफर सफलतापूर्वक पूरा कर लिया है. अपनी इस उपलब्धि पर स्कूल प्रबंधन समिति का ‘सिल्वर जुबिली समारोह’ का आयोजन आगामी 5 अप्रैल को एक्सएलआरआई सभागार में संध्या 6 बजे से आयोजित होगा. उक्त जानकारी आज स्कूल के सभागार में आयोजित पत्रकार सम्मेलन में राजस्थान मैत्री संघ (आरएमएस) के अध्यक्ष संजय केडिया तथा प्रधानाचार्या डा. परिणीता शुक्ला ने संयुक्त रुप से दी. उन्होंने बताया कि उक्त समारोह में बतौर मुख्य अतिथि डा. सुनीता मुखर्जी (पूर्व प्रमुख, यूनाइटेड नेशन्स पॉपुलेशन फंड) तथा विशिष्ट अतिथि के रुप में झारखंड स्टेट क्रिकेट एसोसिएशन के सचिव सौरभ तिवारी (पूर्व इंडियन क्रिकेटर) शामिल होंगे.
उन्होंने बताया कि समारोह में लगभग 210 विद्यार्थी शामिल होंगे, जो अपने रंगारंग सांस्कृतिक कार्यक्रमों के माध्यम से अपनी प्रतिमा का प्रदर्शन करेंगे. साथ ही वहां मौजूद अतिथि व प्रबंधन के अधिकारी अपने 25 वर्षों का सफर लोगों के साथ साझा करेंगे. पत्रकार सम्मेलन में संघ के उपाध्यक्ष मनीष जैन, कुमुद अग्रवाला, सचिव सुशील अग्रवाल, कोषाध्यक्ष संजीव बधान, सौरभ चौधरी, सहायक सचिव वंदना जैन, ट्रस्टी विजय तुलस्यान, मनोज हरनाथका आदि भी मौजूद थे.
मात्र 37 से शुरु, 1394 तक पहुंची विद्यार्थियों की संख्या
उन्होंने बताया कि विद्यालय की स्थापना वर्ष 2001 में टाटा स्टील द्वारा आरएमएस को हस्तांतरित करने के बाद स्व. डीपी खरिया के नेतृत्व में की गई थी. उसके बाद एक छोटे से हिन्दी माध्यम विद्यालय (कक्षा 5 तक) और मात्र 37 विद्यार्थियों से शुरु होकर आज संस्थान एक सीबीएसई से संम्बद्ध 10+2 अंग्रेजी माध्यम का विद्यालय बन चुका है. वर्तमान में विद्यालय में 1394 विद्यार्थी अध्ययनरत है. स्कूल के विद्यार्थी न सिर्फ शिक्षा, बल्कि खेल व सह पाठ्यक्रम गतिविधियों में भी उत्कृष्ट प्रदर्शन कर रहे हैं, इस विद्यालय को वर्ष 2016 में कक्षा 10वीं के लिये सीबीएसई मान्यता प्राप्त हुई थी.

