Jamshedpur SE Railway Union : ए के प्रसाद बने क्वार्टर कमिटी के प्रतिनिधि
टाटा शाखा-1 में साउथ ईस्टर्न रेलवे मेंस यूनियन की बैठक
जमशेदपुर : साउथ ईस्टर्न रेलवे मेंस यूनियन की टाटा शाखा-1 में शुक्रवार को बैठक मंडल संयोजक मनोज कुमार सिंह की अध्यक्षता में हुई, जिसमें संगठनात्मक मजबूती और कर्मचारियों के हितों से जुड़े कई अहम मुद्दों पर चर्चा की गई. बैठक के दौरान निर्णय लेते हुए ए के प्रसाद को जनरल पूल क्वार्टर कमिटी का प्रतिनिधि नियुक्त किया गया. बैठक में उपस्थित सभी यूनियन सदस्यों और कर्मचारियों ने इस नियुक्ति पर अपनी सहमति जताई और श्री प्रसाद का स्वागत किया और उनके उज्ज्वल कार्यकाल की कामना की.
मंडल संयोजक मनोज कुमार सिंह ने ए.के. प्रसाद पर विश्वास जताते हुए कहा कि संगठन को उनसे काफी उम्मीदें है. कहा कि एक जिम्मेदार प्रतिनिधि के रूप में प्रसाद को हमेशा कर्मचारियों के हितों को प्राथमिकता देनी चाहिए और उनकी समस्याओं के समाधान के लिए सक्रिय भूमिका निभानी चाहिए. उन्होंने यह भी कहा कि यूनियन का मुख्य उद्देश्य कर्मचारियों के अधिकारों की रक्षा करना और उनकी आवाज को मजबूती से उठाना है.
श्री प्रसाद ने सभी साथियों का आभार व्यक्त किया और उन्हें मिले इस दायित्व को पूरी ईमानदारी और निष्ठा के साथ निभाने का भरोसा दिलाया. उन्होंने स्पष्ट शब्दों में कहा कि वे संगठन के हितों को सर्वोपरि रखते हुए कार्य करेंगे और किसी भी प्रकार के भेदभाव या भ्रष्टाचार से दूर रहकर अपनी जिम्मेदारियों का निर्वहन करेंगे. कहा कि कर्मचारियों की समस्याओं को गंभीरता से लेते हुए उन्हें यूनियन के समक्ष मजबूती से रखेंगे. बैठक में संजय सिंह, एस.एन. शिव सहित टाटा शाखा-1 के सभी पदाधिकारी एवं सदस्य मौजूद रहे. सभी ने मिलकर संगठन की एकता और मजबूती को बनाए रखने का संकल्प लिया.

