March 24, 2026

Jamshedpur Theft : सिदगोड़ा में टाटा स्टील कर्मी के घर लाखों की चोरी

Jamshedpur Theft

सिदगोड़ा में टाटा स्टील कर्मी के घर लाखों की चोरी

Jamshedpur/Jharkhand : जमशेदपुर के सिदगोड़ा थाना क्षेत्र अंतर्गत बारा फ्लैट स्थित टाटा स्टील के क्वार्टरों में सुरक्षा व्यवस्था को धता बताते हुए चोरों ने एक बड़ी वारदात को अंजाम दिया है। बारा फ्लैट के क्वार्टर नंबर 262 में रहने वाले टाटा स्टील के कर्मचारी देवदत्ता के घर से चोरों ने लाखों रुपये के सोने-चांदी के जेवरात सहित कई कीमती सामानों पर हाथ साफ कर दिया। इस घटना के बाद से इलाके के निवासियों में डर और असुरक्षा का माहौल बना हुआ है।

नाइट शिफ्ट ड्यूटी चोरों ने फायदा उठाया

जानकारी के अनुसार, यह चोरी रविवार की देर रात हुई। घर के मुखिया देवदत्ता टाटा स्टील में अपनी नाइट शिफ्ट की ड्यूटी पर गए हुए थे और घर पूरी तरह बंद था। चोरों ने इसी सूनेपन का फायदा उठाया और मुख्य दरवाजे का ताला तोड़कर भीतर प्रवेश किया। सोमवार सुबह करीब 6:30 बजे जब देवदत्ता अपनी ड्यूटी खत्म कर घर लौट रहे थे, तभी उनके एक पड़ोसी ने फोन कर सूचना दी कि उनके घर का दरवाजा खुला हुआ है और टूटा हुआ प्रतीत हो रहा है।

जेवर, मोबाइल और संगीत वाद्ययंत्र भी ले गए चोर

पड़ोसी की सूचना पर जब देवदत्ता आनन-फानन में घर पहुँचे, तो नजारा देखकर दंग रह गए। घर के कमरों का सामान अस्त-व्यस्त पड़ा था और अलमारियों के ताले टूटे हुए थे। चोरों ने न केवल लाखों रुपये मूल्य के जेवरात चुराए, बल्कि घर में रखे मोबाइल फोन, गिटार और बांसुरी जैसे कीमती सामानों को भी नहीं छोड़ा और उन्हें लेकर फरार हो गए। पीड़ित कर्मचारी ने तत्काल इसकी सूचना स्थानीय पुलिस को दी।

पुलिस जांच और सुरक्षा पर सवाल

घटना की जानकारी मिलते ही सिदगोड़ा थाना की टीम मौके पर पहुँची और जांच-पड़ताल शुरू की। थाना प्रभारी फ़ैज़ अहमद ने बताया कि पीड़ित की शिकायत पर अज्ञात चोरों के खिलाफ प्राथमिकी (FIR) दर्ज कर ली गई है। पुलिस आसपास के लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाल रही है और संदिग्धों की पहचान करने की कोशिश कर रही है। लौहनगरी के बीचों-बीच स्थित टाटा स्टील के क्वार्टरों में इस तरह की घटना ने स्थानीय लोगों को चिंतित कर दिया है। निवासियों का कहना है कि पुलिस गश्त बढ़ाई जानी चाहिए ताकि भविष्य में ऐसी वारदातों पर अंकुश लगाया जा सके। फिलहाल, पुलिस का दावा है कि जल्द ही अपराधियों को सलाखों के पीछे भेज दिया जाएगा।