Jamshedpur : लौहनगरी में नशे के सौदागरों और अपराधियों के खिलाफ पुलिस का अभियान तेज हो गया है। इसी कड़ी में सिदगोड़ा थाना पुलिस ने एक महत्वपूर्ण सफलता हासिल करते हुए बारीडीह क्षेत्र से एक हिस्ट्रीशीटर अपराधी को गांजा के साथ गिरफ्तार किया है। पकड़ा गया आरोपित पिकू कर्मकार उर्फ पुसा (36 वर्ष) परसुडीह थाना क्षेत्र के मकदमपुर का रहने वाला है। मंगलवार को जमशेदपुर के सिटी एसपी ने प्रेस वार्ता के माध्यम से इस पूरे ऑपरेशन की विस्तार से जानकारी साझा की।
गुप्त सूचना पर पुलिस ने बिछाया जाल
सिटी एसपी ने बताया कि 6 अप्रैल को पुलिस को पुख्ता गुप्त सूचना मिली थी कि परसुडीह इलाके का एक संदिग्ध युवक बारीडीह क्षेत्र में किसी बड़ी गतिविधि की फिराक में घूम रहा है। इस सूचना को गंभीरता से लेते हुए पुलिस उपाधीक्षक मुख्यालय-1 के नेतृत्व में एक विशेष छापेमारी टीम का गठन किया गया। पुलिस टीम ने जब बारीडीह गोलचक्कर और आसपास के इलाकों में घेराबंदी शुरू की, तो काशाई रोड के पास एक युवक संदिग्ध अवस्था में दिखाई दिया।
पुलिस ने खदेड़ कर दबोचा
पुलिस टीम को देखते ही आरोपित पिकू कर्मकार ने भागने का प्रयास किया, लेकिन मुस्तैद जवानों ने पीछा कर उसे धर दबोचा। जब उसकी तलाशी ली गई, तो उसके पास से 3.71 किलोग्राम गांजा बरामद हुआ। पुलिस के अनुसार, जब्त किए गए इस गांजे की अंतरराष्ट्रीय बाजार में अनुमानित कीमत लगभग डेढ़ लाख रुपये है। पुलिस अब इस बात की तफ्तीश कर रही है कि वह यह खेप कहां से लाया था और शहर में किसे सप्लाई करने वाला था।
अमृतसर से परसुडीह तक आपराधिक रिकॉर्ड
पुलिस जांच में यह चौंकाने वाला तथ्य सामने आया है कि पिकू कर्मकार एक पेशेवर अपराधी है और उसका रिकॉर्ड अंतर्राज्यीय स्तर पर खराब रहा है। वह पहले भी दो बार जेल की हवा खा चुका है:
चोरी का मामला : परसुडीह थाना क्षेत्र में चोरी की वारदात को अंजाम देने के आरोप में वह जेल जा चुका है।
अमृतसर कनेक्शन : सबसे गंभीर मामला पंजाब के अमृतसर में दर्ज है, जहाँ उसके खिलाफ एनडीपीएस (NDPS) एक्ट के तहत बड़ी कार्रवाई हुई थी।
सिदगोड़ा थाना पुलिस ने कागजी कार्रवाई पूरी करने के बाद आरोपित को न्यायिक हिरासत में भेज दिया है। पुलिस का कहना है कि नशे के इस नेटवर्क से जुड़े अन्य लोगों की पहचान की जा रही है और जल्द ही कुछ और गिरफ्तारियां संभव हैं।