Jamshedpur Suicide : नशे की लत ने उजाड़ा परिवार, सीतारामडेरा में पैसे नहीं मिलने पर तीन मासूमों के पिता ने की खुदकुशी
नशे की लत ने उजाड़ा परिवार, सीतारामडेरा में पैसे नहीं मिलने पर तीन मासूमों के पिता ने की खुदकुशी
Jamshedpur/Jharkhand : लौहनगरी के सीतारामडेरा थाना क्षेत्र अंतर्गत बाउरी बस्ती में नशे के घातक परिणामों की एक रूह कपा देने वाली घटना सामने आई है। यहाँ एक 35 वर्षीय युवक, दयाल बाग, ने कथित तौर पर नशे के लिए पैसे नहीं मिलने से क्षुब्ध होकर आत्महत्या कर ली। मंगलवार की देर रात हुई इस घटना ने न केवल एक हंसते-खेलते परिवार को मातम में डुबो दिया है, बल्कि समाज में बढ़ती नशे की प्रवृत्ति पर भी गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं।
नशे के लिए विवाद और फिर खौफनाक कदम
मृतक दयाल बाग भुइयांडीह स्थित एक लकड़ी टाल में मजदूरी कर अपने परिवार का गुजारा करता था। परिजनों के अनुसार, दयाल लंबे समय से नशे का आदी था और अक्सर घर में पैसों के लिए विवाद करता था। मंगलवार की रात वह नशे की हालत में घर पहुँचा और फिर से नशा करने के लिए परिजनों से पैसों की मांग करने लगा।
जब घर वालों ने उसकी बिगड़ती हालत को देखते हुए पैसे देने से साफ इनकार कर दिया, तो दयाल उग्र हो गया और मारपीट पर उतारू हो गया। स्थिति को नियंत्रित करने के लिए परिजनों ने उसे घर से बाहर कर दिया। कुछ देर बाद वह चुपचाप अपने कमरे में गया और अंदर से दरवाजा बंद कर लिया।
एमजीएम में डॉक्टरों ने मृत घोषित किया
काफी देर तक कमरे से कोई हलचल न होने पर परिजनों को अनहोनी की आशंका हुई। आवाज देने और दरवाजा खटखटाने पर भी जब कोई जवाब नहीं मिला, तो पड़ोसियों की मदद से दरवाजा तोड़ा गया। अंदर का मंजर देखकर सबकी चीख निकल गई; दयाल फांसी के फंदे से झूल रहा था। स्थानीय लोग और परिजन उसे आनन-फानन में एमजीएम (MGM) अस्पताल लेकर भागे, लेकिन वहां डॉक्टरों ने जांच के बाद उसे मृत घोषित कर दिया।
तीन बेटियों के सिर से उठा पिता का साया
मृतक के भगीने अमित बाउरी ने रुंधे गले से बताया कि दयाल की तीन छोटी बेटियां हैं। नशे की इस लत ने उन मासूमों के सिर से पिता का साया हमेशा के लिए छीन लिया है। सीतारामडेरा थाना पुलिस ने सूचना मिलने के बाद शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि प्रथम दृष्टया यह मामला नशे के कारण उपजे तनाव और आत्महत्या का लग रहा है, हालांकि मामले की गहराई से जांच की जा रही है।

