जमशेदपुर : भगवान श्री विष्णु के वाहन श्री गरुड़ जी की प्रतिमा का अधिष्ठापन आज गोलमुरी केबुल टाउन स्थित श्रीलक्ष्मीनारायण मंदिर में वैदिक मंत्रोच्चारण के बीच संपन्न हुआ. पूजा के मुख्य यजमान जमशेदपुर पश्चिम के विधायक सरयू राय थे. आज की पूजा के प्रबंधक असीम पाठक थे. मुख्य पूजन पंडित विनोद पांडेय और उनके साथियों ने करायी. पूजन के दौरान सबसे पहले शांति पाठ किया गया, तत्पश्चात संकल्प दिलाया गया. उसके बाद गरुड़ भगवान की प्रतिमा का विधिवत पूजन किया गया. गरुड़ भगवान के पूजन के बाद आरती एवं प्रसाद वितरण हुआ. इसके बाद गरुड़ स्तंभ पर गरुड़ भगवान की प्रतिमा अधिष्ठापित की गई. मौके पर शिवशंकर सिंह, अशोक गोयल, आशुतोष राय, अनिकेत सावरकर, राघवेंद्र प्रताप सिंह, सुनील सिंह, सुशील, इंद्रजीत सिंह, उदय मंडल, गोल्डन पांडेय, मुकेश कुमार आदि मौजूद रहे.