Jamshedpur में बिजली का झटका, Tata Steel के घरेलू उपभोक्ताओं पर बढ़ा सबसे अधिक बोझ, 1 अप्रैल से लागू होगा नया टैरिफ
Tata Steel के घरेलू उपभोक्ताओं पर बढ़ा सबसे अधिक बोझ, 1 अप्रैल से लागू होगा नया टैरिफ
Jamshedpur/Jharkhand : लौहनगरी जमशेदपुर में टाटा स्टील के घरेलू उपभोक्ताओं के लिए बिजली अब और महंगी होने जा रही है। झारखंड राज्य विद्युत नियामक आयोग के नए आदेश के तहत बिजली की दरों में वृद्धि की गई है, जिसका सबसे अधिक असर घरेलू श्रेणी के उपभोक्ताओं पर पड़ा है। नया टैरिफ 1 अप्रैल 2026 से प्रभावी हो जाएगा। टाटा स्टील प्रबंधन ने हालांकि वर्तमान दरों में 12 प्रतिशत की बढ़ोतरी का प्रस्ताव दिया था, लेकिन आयोग ने जनहित को ध्यान में रखते हुए केवल 4.74 प्रतिशत की वृद्धि को ही स्वीकृति प्रदान की है।
टाटा स्टील घरेलू और कमर्शियल उपभोक्ताओं के लिए नई दरें
नए आदेश के अनुसार, अब उपभोक्ताओं को प्रति यूनिट 20 से 50 पैसे तक अतिरिक्त एनर्जी चार्ज देना होगा। 0 से 100 यूनिट तक बिजली खर्च करने वाले घरेलू उपभोक्ताओं (DS-LT) को अब 3.10 रुपये के स्थान पर 3.30 रुपये प्रति यूनिट एनर्जी चार्ज और 34 रुपये के बजाय 40 रुपये फिक्सड चार्ज देना होगा। वहीं, 100 यूनिट से अधिक बिजली खपत करने वालों के लिए एनर्जी चार्ज 5.30 रुपये से बढ़कर 5.50 रुपये और फिक्सड चार्ज 70 रुपये से बढ़ाकर 75 रुपये कर दिया गया है। हाईटेंशन (HT) लाइन लेने वाले घरेलू उपभोक्ताओं पर बोझ सबसे ज्यादा है, उन्हें 5.25 रुपये के बजाय 5.75 रुपये प्रति यूनिट और 95 रुपये के बजाय 110 रुपये फिक्सड चार्ज चुकाना होगा। कमर्शियल सर्विसेज के लिए एनर्जी चार्ज 6 रुपये से बढ़कर 6.50 रुपये और फिक्सड चार्ज 130 रुपये से बढ़कर 150 रुपये निर्धारित किया गया है।
औद्योगिक और अन्य सेवाओं का हाल
इंडस्ट्रियल सर्विस के उपभोक्ताओं को आयोग ने आंशिक राहत दी है। लो टेंशन इंडस्ट्रियल सर्विसेज के फिक्सड चार्ज में कोई बदलाव नहीं करते हुए इसे 150 रुपये पर स्थिर रखा गया है, हालांकि एनर्जी चार्ज 5.75 रुपये से बढ़ाकर 6 रुपये प्रति यूनिट कर दिया गया है। हाई टेंशन इंडस्ट्रियल सर्विसेज के लिए फिक्सड चार्ज 400 रुपये से बढ़कर 450 रुपये और एनर्जी चार्ज 6.30 रुपये से बढ़ाकर 6.50 रुपये प्रति यूनिट देय होगा। स्ट्रीट लाइट के लिए अब 150 रुपये फिक्सड चार्ज और 6.80 रुपये प्रति यूनिट एनर्जी चार्ज लागू होगा। रेलवे ट्रैक्शन, मिलिट्री और इंजीनियरिंग सर्विसेज के लिए फिक्सड चार्ज 400 से बढ़ाकर 450 रुपये और एनर्जी चार्ज 6.40 से बढ़ाकर 6.60 रुपये प्रति यूनिट किया गया है। अच्छी खबर यह है कि कृषि और सिंचाई कार्यों में लगे उपभोक्ताओं के टैरिफ में कोई बदलाव नहीं किया गया है।
टाटा स्टील यूआईएसएल (जुस्को) उपभोक्ताओं को मिली राहत
नियामक आयोग ने Tata Steel UISL (पूर्व में जुस्को) के उपभोक्ताओं के प्रति नरम रुख अपनाया है। ग्रामीण क्षेत्रों के घरेलू उपभोक्ताओं के फिक्सड चार्ज (45 रुपये) और एनर्जी चार्ज (3.06 रुपये) को यथावत रखा गया है। शहरी घरेलू उपभोक्ताओं के लिए एनर्जी चार्ज में मात्र 8 पैसे की वृद्धि कर इसे 3.32 से बढ़ाकर 3.40 रुपये प्रति यूनिट किया गया है, जबकि इनका फिक्सड चार्ज 80 रुपये होगा। हाईटेंशन घरेलू उपभोक्ताओं का फिक्सड चार्ज 80 रुपये ही रहेगा, लेकिन एनर्जी चार्ज 3.16 से बढ़कर 3.35 रुपये प्रति यूनिट होगा।
टाटा स्टील यूआईएसएल के कमर्शियल (ग्रामीण) उपभोक्ताओं के लिए एनर्जी चार्ज 3.06 से बढ़ाकर 3.10 रुपये और फिक्सड चार्ज 80 रुपये तय किया गया है। कमर्शियल (शहरी) उपभोक्ताओं के लिए एनर्जी चार्ज 4.23 से बढ़कर 4.30 रुपये प्रति यूनिट और फिक्सड चार्ज 155 रुपये होगा। लो टेंशन इंडस्ट्रियल सर्विसेज के लिए फिक्सड चार्ज 155 रुपये और एनर्जी चार्ज 4.59 से बढ़कर 4.70 रुपये प्रति यूनिट होगा। हाईटेंशन सर्विसेज का एनर्जी चार्ज 5 रुपये से बढ़कर 5.15 रुपये किया गया है, जबकि फिक्सड चार्ज पूर्व की तरह 355 रुपये रहेगा। स्ट्रीट लाइट के लिए फिक्सड चार्ज 65 रुपये और यूनिट चार्ज 14 पैसे की बढ़त के साथ 5.50 रुपये होगा। रेलवे, मिलिट्री और इंजीनियरिंग सर्विसेज के लिए 195 रुपये फिक्सड चार्ज और 4.90 रुपये प्रति यूनिट एनर्जी चार्ज देय होगा।

