कतार में लगकर ग्रहण करें प्रसाद व खड़े होकर करें गुरु साहिब का सत्कार
टेल्को गुरुद्वारा परिसर में अकाली दल की बैठक, संगत से की भावनात्मक अपील
जमशेदपुर : गुरु नानक देव जी महाराज के 556वें प्रकाशोत्सव पर निकलनेवाले भव्य नगर कीर्तन को अनुशासित और मर्यादापूर्ण ढंग से संपन्न कराने के लिए धर्म प्रचार कमिटी, अकाली दल, जमशेदपुर ने संगत से भावपूर्ण अपील की है. टेल्को गुरुद्वारा परिसर स्थित अकाली दल धर्म प्रचार कमिटी कार्यालय में आयोजित बैठक की अध्यक्षता सुखदेव सिंह खालसा ने की. इस बावत रविंदरपाल सिंह ने बताया कि श्रद्धालुओं से अपील की गई है कि पालकी साहिब में गुरु ग्रन्थ साहिब के सम्मान में माथा टेकते समय इस बात का ख्याल रखें कि उनका सर ढंका हुआ हो. सबसे महत्वपूर्ण यह है कि प्रसाद ग्रहण या माथा टेकते समय धक्का मुक्की न करें. कोशिश करें कि कतार में लगकर अपनी बारी का इंतजार करें. रविंद्र सिंह ने कहा कि पालकी साहब के पहुंचने पर संगत खड़े होकर अदब से गुरु साहिब जी का सत्कार करें.
यह भी निर्णय लिया गया कि पालकी साहिब के आगे पांच सिंह निशान साहिब लेकर चलेंगे और पालकी साहिब में विराजमान श्री गुरु ग्रंथ साहिब जी की सेवा में पांच प्यार साहिबान गुरु जी की सेवा निभाएंगे. संगत को पवित्र कीर्तन का अमृतपान कराने के लिए रागी सिंह जत्थों द्वारा गुरबाणी का कीर्तन किया जाएगा.बैठक में समिति प्रमुख सुखदेव सिंह खालसा सहित राम कृष्ण सिंह, रविंदर सिंह, रविंदरपाल सिंह, अमृतपाल सिंह, गुरदेव सिंह, जसबीर सिंह, चरणजीत सिंह, रितिक सिंह, जतिंदर सिंह, रणजीत सिंह, कुलदीप सिंह और अजित सिंह उपस्थित रहे और आयोजन को सुचारु रूप देने हेतु अपने विचार एवं सुझाव साझा किए.
