तुलसी भवन में प्रदीप कुमार मिश्र रचित हिन्दी काव्य संग्रह ‘मन का गवाक्ष’ लोकार्पित
जमशेदपुर : सिंहभूम जिला हिन्दी साहित्य सम्मेलन/ तुलसी भवन के तत्वावधान में कवि प्रदीप कुमार मिश्र रचित हिन्दी काव्य संग्रह ‘मन का गवाक्ष’ का लोकार्पण किया गया. इस अवसर पर मुख्य अतिथि के रुप में टाटा मोटर्स के पूर्व उपमहाप्रबंधक डा. चन्देश्वर खां उपस्थित रहे. कार्यक्रम की अध्यक्षता तुलसी भवन के अध्यक्ष सुभाष चन्द्र मुनका तथा संचालन सूरज सिंह राजपूत ने की, जबकि अतिथियों का स्वागत संस्थान के मानद महासचिव डा. प्रसेनजित तिवारी एवं धन्यवाद ज्ञापन सरदार बलविंदर सिंह ने किया. अतिथियों ने पुस्तक लोकार्पित करने के उपरान्त ब्रजेन्द्र नाथ मिश्र ने पुस्तक पर विस्तार से अपनी बात रखते हुए कहा कि इस पुस्तक की कविताएं यथार्थ से शाश्वत की यात्रा के लिए पथ प्रदर्शित करती है. इसमें देशभक्ति के साथ बच्चों को पर्यावरण के प्रति जागरूक करनेवाली भी कविताएं हैं. मुख्य अतिथि डा. चंद्रेश्वर ने ‘गवाक्ष’ शब्द पर प्रकाश डाला और श्रोताओं को हिंदी के तत्सम शब्दों के अधिकाधिक प्रयोग पर जोर डाला. इसके बाद कवि प्रदीप कुमार मिश्र का साहित्यिक जीवन परिचय सुरेश चन्द्र झा ने बड़े ही सुन्दर अंदाज में प्रस्तुत किया, जबकि यमुना तिवारी ‘व्यथित’ ने इसे अपनी काव्य शैली मेंं प्रस्तुत किया. इस अवसर पर डा. रागिनी भूषण, डा. आशा गुप्ता, अशोक पाठक स्नेही, नीलाम्बर चौधरी, उपासना सिन्हा, अरुणा झा, सुरेश दत्त पाण्डेय प्रणय, हरभजन सिंह रहबर, विनोद बेगाना, सुस्मिता मिश्र, जितेश तिवारी, डा. अरुण कुमार शर्मा, सुजय कुमार, सुमन्त मिश्र, काजल मिश्र, अर्चना झा, नवीता मिश्र, डा. मिनाक्षी कर्ण सहित कई साहित्यकारों एवं साहित्य प्रेमियों की उपस्थिति रही.