Jamshedpur Vivekanand School Physics Unplugged : पद्मश्री वर्मा ने की सरल प्रयोगों से जटिल सिद्धांतों की व्याख्या
विवेकानंद इंटरनेशनल स्कूल की ओर से ‘फिजिक्स अनप्लग्ड’ की अनूठी पहल
जमशेदपुर : विवेकानंद इंटरनेशनल स्कूल की ओर से तीन दिवसीय ‘फिजिक्स अनप्लग्ड’ कार्यशाला का आयोजन बिष्टुपुर के एक होटल में किया गया. इस दौरान पद्मश्री एच.सी. वर्मा ने शिक्षकों-विद्यार्थियों को किया प्रेरित किया और उनके बीच विज्ञान के प्रति नई उत्सुकता और ऊर्जा का संचार किया. कार्यशाला में शहर के विभिन्न विद्यालयों के 70 से अधिक टीजीटी और पीजीटी भौतिकी शिक्षक शामिल हुए. स्कूल के प्रशासक सौम्य दीप ने बताया कि उनका लक्ष्य है कि शिक्षक और विद्यार्थी भौतिकी को अपने आसपास के वातावरण में महसूस करें.
कार्यशाला में श्री वर्मा ने कक्षा 10 के विद्यार्थियों से संवाद करते हुए उन्होंने कहा कि भौतिकी को समझने का सबसे अच्छा तरीका है प्रकृति को देखना और उससे सीखना. कार्यशाला के प्रथम दिन श्री वर्मा और उनके सहयोगी डेबमल्य सेन ने रोजमर्रा की वस्तुओं जैसे बोतल, कागज, धागा और पानी के माध्यम से भौतिकी के सिद्धांत समझाए. प्रकाशिकी जैसे जटिल विषयों को भी बेहद सरल और रोचक प्रयोगों के जरिए प्रस्तुत किया गया.
दूसरे दिन विद्युत और चुंबकत्व पर विशेष फोकस रहा. इस दौरान ऐसे प्रयोग प्रस्तुत किए गए, जो सामान्यत: केवल पुस्तकों तक सीमित रहते हैं. शिक्षकों को न केवल सिद्धांत समझाए गए, बल्कि उनसे सवाल करने और गहराई से सोचने के लिए भी प्रेरित किया गया. अंतिम दिन संवाद और चर्चा के लिए समर्पित रहा. प्रतिभागियों ने अपने प्रश्न रखे, जिनका उत्तर श्री वर्मा ने बेहद सरल और प्रभावशाली ढंग से दिया.
सौम्य दीप की पहल बनी प्रेरणादायक उदाहरण
उक्त आयोजन में सौम्य दीप की दूरदर्शिता और व्यक्तिगत प्रयास प्रमुख रहे. उन्होंने स्वयं पहल कर एच सी वर्मा को शहर आमंत्रित किया, जो अपने आप में एक बड़ी उपलब्धि मानी जा रही है. वे नवीकरणीय ऊर्जा के क्षेत्र में भी सक्रिय शोधकर्ता हैं और उनके कार्य को राष्ट्रीय स्तर पर पहचान मिल रही है.

