जमशेदपुर : झारखंड में भीषण गर्मी से जूझ रहे लोगों के लिए राहत भरी खबर है. मौसम ने अचानक करवट ले ली है और राज्य के कई हिस्सों में बारिश की संभावना बन गई है. मौसम विभाग के अनुसार, अगले 4 दिनों तक राज्य में तेज आंधी, बारिश और ओलावृष्टि का अलर्ट जारी किया गया है. इस बदलाव की वजह बंगाल की खाड़ी से आ रही नम हवाएं और पश्चिमी विक्षोभ का असर बताया जा रहा है. राजधानी रांची समेत जमशेदपुर, बोकारो, धनबाद और आसपास के इलाकों में बादल छाए रहने के साथ हल्की से मध्यम बारिश हो सकती है. कुछ जगहों पर तेज हवाओं के साथ ओले गिरने की भी आशंका है. पिछले कुछ दिनों से तापमान 40 डिग्री के करीब पहुंच गया था, जिससे लोगों का जीना मुश्किल हो गया था, लेकिन अब मौसम में आए इस बदलाव से गर्मी से राहत मिलने की उम्मीद है. मौसम के इस अचानक बदलाव से जहां लोगों को गर्मी से राहत मिलेगी, वहीं आंधी और ओलावृष्टि नुकसान भी पहुंचा सकती है. ऐसे में सतर्क रहना बेहद जरूरी है. भारत मौसम विज्ञान विभाग (IMD) ने आज झारखंड के कई जिलों के लिए ऑरेंज अलर्ट जारी किया है. चेतावनी के अनुसार राज्य में तेज आंधी-तूफान के साथ 60 से 70 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से हवाएं चल सकती है. इसके अलावा वज्रपात (बिजली गिरने) की भी आशंका जताई गई है.
मौसम विभाग की चेतावनी :
● तेज आंधी के दौरान घर से बाहर निकलने से बचें. ● खुले स्थानों और पेड़ों के नीचे खड़े न हों. ● किसानों को फसल की सुरक्षा के लिए सतर्क रहने की सलाह. ● खराब मौसम के दौरान घरों में ही रहें. ● पेड़ों और बिजली के खंभों से दूर रहें. ● खुले मैदान या ऊंचे स्थानों पर जाने से बचें. ● मोबाइल और इलेक्ट्रॉनिक उपकरणों का सीमित उपयोग करें.