March 24, 2026

जाति प्रमाण पत्र देने में देर की शिकायत, रुका पंचायत सचिव का वेतन

IMG-20260324-WA0002

मुसाबनी प्रखंड के फॉरेस्ट ब्लॉक पंचायत पहुंचे उपायुक्त, जमीन पर बैठ ग्रामीणों से किया संवाद

जमशेदपुर : उपायुक्त कर्ण सत्यार्थी ने मुसाबनी प्रखंड अंतर्गत फॉरेस्ट ब्लॉक पंचायत के भालूबासा टोला पहुंचे और ग्रामीणों से संवाद कर समस्याओं से अवगत हुए. इस अवसर पर ग्रामीणों ने उपायुक्त का पारंपरिक तरीके से स्वागत किया. उपायुक्त ने भालूबासा, बोकसीकली, कुंदाबेड़ा, आम्बाजुड़ी, गुंडीबेला, बालूबासा टोला के ग्रामीणों के साथ जमीन में बैठकर उनकी समस्याएं सुनी तथा समाधान का भरोसा दिया.
ग्रामीणों ने बताया कि मरीजों एवं गर्भवती महिलाओं को अस्पताल ले जाने के लिए एम्बुलेंस अथवा ममता वाहन समय पर नहीं मिलता है, इस पर उपायुक्त ने फॉरेस्ट ब्लॉक पंचायत के लिए एचसीएल के सीएसआर फंड से एक एम्बुलेंस दिलाने का भरोसा दिलाया. मोबाइल नेटवर्क की समस्या के संदर्भ में अंचलाधिकारी को मोबाइल टावर के लिए स्थान चिन्हित करते हुए प्रस्ताव तैयार कराने की बात कही. ग्रामीणों के जाति प्रमाण पत्र निर्गत करने में विलम्ब की शिकायत पर पंचायत सचिव का वेतन रोकने का निर्देश दिया गया.
संवाद के क्रम में उपायुक्त ने टोला के दो अनाथ बच्चों से मिले तथा उनके बारे में जानकारी प्राप्त कर सरकार की स्पॉन्सरशिप स्कीम के तहत बच्चों के बेहतर शिक्षा हेतु उनके अभिभावक को बच्चे का नामांकन अगले सत्र में नेताजी सुभाष विद्यालय में कराने व छात्रावास भेजने लिए प्रोत्साहित किया. क्षेत्र भ्रमण के दौरान उपायुक्त दोलमाबेड़ा झरना का भी अवलोकन किया. इसके अतिरिक्त ग्रामीणों ने मिनी आंगनबाड़ी, दोलमाबेड़ा झरना को पर्यटन के रूप में विकसित करने, दोलमाबेड़ा-बेकसिकली-गोंदीबेड़ा के बीच पीसीसी पथ, आधार कार्ड, जन्म प्रमाण पत्र संबंधित समस्याओं के समाधान के लिए अपनी बात रखी. मौके पर पंचायत के मुखिया पोरमा बानरा सहित काफी संख्या में ग्रामीण मौजुद थे.