जाति प्रमाण पत्र निर्गत करने में देरी की शिकायत, पंचायत सचिव का रोका वेतन
ग्रामीणों से संवाद करने मुसाबनी के दोलमाबेड़ा गांव पहुंचे उपायुक्त, जमीन पर बैठ सुनी समस्याएं
जमशेदपुर : उपायुक्त कर्ण सत्यार्थी ने मुसाबनी प्रखंड अंतर्गत फॉरेस्ट ब्लॉक पंचायत के दोलमाबेड़ा गांव पहुंच कर ग्रामीणों से संवाद कर समस्याओं से अवगत हुए. इस अवसर पर ग्रामीणों ने उपायुक्त का पारंपरिक तरीके से स्वागत किया. तत्पश्चात उपायुक्त ने दोलमाबेड़ा, बोकसीकली, कुंदाबेड़ा, आम्बाजुड़ी, गुंडीबेला, बालूबासा टोला के ग्रामीणों के साथ जमीन में बैठकर ग्रामीणों की समस्या सुनी तथा समाधान का भरोसा दिलाया.
ग्रामीणों ने बताया कि मरीजों एवं गर्भवती महिलाओं को अस्पताल ले जाने के लिए एम्बुलेंस अथवा ममता वाहन समय पर नहीं मिलता है. इसपर उपायुक्त ने फॉरेस्ट ब्लॉक पंचायत के लिए एचसीएल के सीएसआर फंड से एक एम्बुलेंस दिलाने का भरोसा दिलाया. मोबाइल नेटवर्क की समस्या के संदर्भ में अंचलाधिकारी को मोबाइल टावर के लिए स्थान चिन्हित करते हुए प्रस्ताव तैयार कराने की बात कही. ग्रामीणों के जाति प्रमाण पत्र निर्गत करने में विलम्ब की शिकायत पर पंचायत सचिव का वेतन रोकने का निर्देश दिया गया. इस क्रम में उपायुक्त ने टोला के दो अनाथ बच्चों से मिले तथा उनके बारे में जानकारी प्राप्त कर सरकार की स्पॉन्सरशिप स्कीम के तहत बच्चों के बेहतर शिक्षा हेतु उनके अभिभावक को बच्चे का नामांकन अगले सत्र में नेताजी सुभाष विद्यालय में कराने व छात्रावास भेजने लिए प्रोत्साहित किया.
झरना को पर्यटन के रुप में विकसित करने की पहल
क्षेत्र भ्रमण के दौरान उपायुक्त दोलमाबेड़ा झरना का भी अवलोकन किया. इसके अतिरिक्त ग्रामीणों ने मिनी आंगनबाड़ी, दोलमाबेड़ा झरना को पर्यटन के रूप में विकसित करने, दोलमाबेड़ा-बेकसिकली-गोंदीबेड़ा के बीच पीसीसी पथ, आधार कार्ड, जन्म प्रमाण पत्र संबंधित समस्याओं के समाधान के लिए अपनी बात रखी. ग्रामीणों के सभी समस्याओं को उपायुक्त ने गंभीरता से सुना तथा हर संभव समाधान तथा मदद का भरोसा दिलाया. मौके पर पंचायत के मुखिया श्री पोरमा बानरा सहित काफी संख्या में ग्रामीण मौजूद थे.
