February 13, 2026

जाति प्रमाण पत्र से वंचित थे ग्रामीण, डीसी के प्रयास से बनना शुरु

IMG-20260213-WA0002

मुसाबनी प्रखंड फॉरेस्ट ब्लॉक पंचायत के दालमाबेड़ा टोला के सबर जनजाति लोगों ने जताया आभार

जमशेदपुर : उपायुक्त कर्ण सत्यार्थी की पहल पर फोरेस्टब्लॉक ग्राम पंचायत के दलमाबेड़ा टोला में प्रखंड एवं अंचल अधिकारियों द्वारा कैम्प आयोजित कर लोगों का जाति प्रमाण-पत्र बनाकर वितरण प्रारंभ कर दिया गया है. विदित हो कि गत 5 फरवरी, 2026 को उपायुक्त कर्ण सत्यार्थी के क्षेत्र भ्रमण के क्रम में मुसाबनी प्रखंड फॉरेस्ट ब्लॉक पंचायत अंतर्गत दालमाबेड़ा टोला में लगभग 45 परिवार के 250 से अधिक ग्रामीणों ने मांग की थी कि जाति एवं आवासीय प्रमाण पत्र नहीं रहने के कारण बच्चों की शिक्षा तथा सरकारी योजनाओं से वंचित रहना पड़ रहा है. उन्होंने बताया था कि स्थानीय लोग अनुसूचित जनजाति तथा सबर जनजाति से संबंध रखते हैं. यहां के लोगों का 1932, 1937 का खतियान है, परंतु 1964 में इसे फॉरेस्ट लैंड दिखा दिया गया है, जबकि 1975 से लेकर 1980 तक रेंट रसीद यहां के लोगों द्वारा कटाया गया है. जिसकारण जातीय एवं आवासीय प्रमाण पत्र बनवाने में लिए काफी मुश्किल हो रही है. इस पर उपायुक्त ने जांच का आदेश देते हुए कहा कि वंशावली बनाकर ग्राम सभा के माध्यम सहमति लेकर जातीय एवं आवासीय प्रमाण पत्र निर्गत करने का निर्देश संबंधित अंचल एवं प्रखण्ड विकास पदाधिकारी को दिया था.
उक्त निर्देश के आलोक में अंचल अधिकारी पवन कुमार ने बताया कि ग्रामिणों के पास हाल सर्वे 1964 के अनुसार खतियान में संरक्षित वन दर्ज हैं, परन्तु हाल सर्वे 1932 खतियान में अनाबाद मालिक कैफियत कॉलम में उनके पूर्वजो का नाम तथा जाति ‘हो’ दर्ज है. उपायुक्त ने निर्देश दिया था कि कार्मिक प्रशासनिक सुधार तथा राजभाषा विभाग, झारखण्ड सरकार द्वारा निर्गत मार्गदशन के आधार पर जाति प्रमाण-पत्र निर्गत करें. उक्त निदेश के आलोक में अंचल अधिकारी मुसाबनी ने जाति प्रमाण-पत्र हेतु 11 फरवरी, 2026 को 4 आवेदन की प्रक्रिया करते हुए 12 फरवरी को जाति प्रमाण-पत्र बनाकर वितरण किया. उपायुक्त की पहल पर वर्षो बाद जाति प्रमाण पत्र बनना प्रारंभ होने पर पंचायत के मुखिया पोरमा बानरा सहित ग्रामीणों ने उपायुक्त का आभार जताया है.

एकदिन में 36 ने किया आवेदन, 6 प्रमाण पत्र तैयार
आज, 12 फरवरी को कुल 36 आवेदन पत्र जाति प्रमाण-पत्र बनाने हेतु प्राप्त हुआ है जिसमें से 6 आवेदकों का जाति प्रमाण-पत्र तैयार कर दिया गया है, शेष 30 आवेदकों का जाति प्रमाण-पत्र कल, 13 फरवरी तक तैयार हो जायेगा.

12 फरवरी को तैयार जाति प्रमाण-पत्र आवेदकों की सूची

  1. डिबरू बानरा (पिता-मांगु बानरा)
  2. डिबरू बानरा (पिता-तुगीर बानरा)
  3. मांगु बानरा (पिता-तुगीर बानरा)
  4. शशि दोंगो (पिता-शन्नी दोंगो)
  5. डिबरू बानरा (पिता-त्रिवन बानरा)
  6. समीर बानरा (पिता-लोदरो बानरा)

इन लोगों को निर्गत किया गया जाति प्रमाण-पत्र

  1. चिता बानरा (पिता-पोरमा बानरा)
  2. सुमी बानरा (पिता-कांटे बानरा)
  3. सुनील बानरा (पिता-मुलिया बानरा)
  4. सादो बानरा (पिता-मुलिया बानरा)