February 11, 2026

जीत-हार से अधिक महत्वपूर्ण आपसी सौहार्द : पूर्णिमा

IMG-20251220-WA0003

जेसीआई जमशेदपुर रॉयल्स का दो दिवसीय जेसीपीएल शुरु, फाइनल कल

जमशेदपुर : जेसीआई जमशेदपुर रॉयल्स द्वारा आयोजित दो दिवसीय जयसी प्रीमियर लीग (जेसीपीएल) का शुभारंभ शनिवार को ट्यूब मेकर्स क्लब में हुआ. प्रतियोगिता का औपचारिक उद्घाटन जमशेदपुर पूर्व की विधायक पूर्णिमा साहू ने किया. इस अवसर पर उन्होंने आयोजन की सराहना करते हुए कहा कि खेल युवाओं और पेशेवरों के बीच एकता, अनुशासन और टीम वर्क को बढ़ावा देने का सशक्त माध्यम है. खेल भावना पर जोर देते हुए उन्होंने कहा कि जीत और हार से अधिक महत्वपूर्ण खेलों में भागीदारी, सीख और आपसी सौहार्द होता है. पहले मैच में मारवाड़ी युवा मंच ने शानदार प्रदर्शन करते हुए जमशेदपुर डेंटल एसोसिएशन को पराजित किया. दूसरा मुकाबला डीबीएमएस एलुमनी और इंस्टीट्यूट ऑफ चार्टर्ड अकाउंटेंट्स के बीच खेला गया, जिसमें डीबीएमएस एलुमनी की टीम ने जीत दर्ज की. तीसरे मैच में सिंहभूम चैंबर ऑफ कॉमर्स एंड इंडस्ट्री ने बिल्डर्स एसोसिएशन को मात देकर निर्णायक जीत हासिल की. चौथे मुकाबले में मेजबान टीम जेसीआई जमशेदपुर रॉयल्स ने यंग इंडियंस को हराकर स्थानीय दर्शकों का दिल जीत लिया. दिन के पांचवें मैच में लोयोला एलुमनी ने सीआईसीएएसए, जमशेदपुर को पराजित कर प्रतियोगिता की प्रतिस्पर्धा को और रोचक बना दिया.
यह क्रिकेट लीग जेसीआई जमशेदपुर रॉयल्स अध्यक्ष विवेक अग्रवाल के नेतृत्व में आयोजित की जा रही है, जिसमें सचिव उत्सव मित्तल, कोषाध्यक्ष विशाल अग्रवाल और तारकिशोर अग्रवाल सहित संगठन के अन्य सदस्यों का सहयोग रहा. कल, रविवार को प्रतियोगिता का रोमांच और बढ़ेगा, जब शेष टीमें सेमीफाइनल और फाइनल मुकाबलों में आमने-सामने होंगी और जेसीपीएल की ट्रॉफी पर कब्जा करने के लिए जोर आजमाइश करेंगी.