जीवन के अंतिम समय तक बना रहता है छात्र-शिक्षक का संबंध
शिव कुमार मिस्टर व आयूषी गौड़ बनीं मिस डेफोडिल्स, मिला सम्मान
जमशेदपुर : बारीडीह स्थित डेफोडिल्स उच्च विद्यालय में आशीर्वाद सह सम्मान समारोह का आयोजन हुआ. नौवीं कक्षा के छात्रों ने दसवीं कक्षा के छात्रों के लिए सम्मान समारोह आयोजित किया. कार्यक्रम के मुख्य अतिथि टी. शशि कुमार थे. सर्वप्रथम मां शारदे के चित्र पर माल्यार्पण एवं दीप प्रज्वलित कर कार्यक्रम का शुभारंभ किया गया. तत्पश्चात दसवीं कक्षा के बच्चों में से मिस्टर डेफोडिल्स और मिस डेफोडिल्स का चुनाव क्विज प्रतियोगिता द्वारा किया गया. इसमें शिवम कुमार ‘मिस्टर डेफोडिल्स’ एवं आयुषी गौड़ को ‘मिस डेफोडिल्स’ का खिताब प्रदान किया गया.
मुख्य अतिथि टी. शशि कुमार ने बच्चों से कहा कि बच्चों को हमेशा अपना लक्ष्य तय करना चाहिए ताकि कितनी भी विपरीत परिस्थिति क्यों ना हो उन्हें लक्ष्य प्राप्ति के लिए संघर्षशील एवं प्रयत्नशील बनना पड़ेगा. इसके पूर्व विद्यालय के सचिव मिथिलेश प्रसाद श्रीवास्तव ने मुख्य अतिथि, शिक्षकों तथा बच्चों का स्वागत करते हुए कहा कि शिक्षक और छात्र के जीवन में विदाई शब्द कभी नहीं होता है. क्योंकि दोनों में एक अन्योन्याश्रय संबंध रहता है जो की जीवन पर्यन्त रहता है. उक्त कार्यक्रम करने का तात्पर्य यह है कि बच्चों को एहसास हो कि अब उनका बाल्यावस्था समाप्त हो गया जीवन में सभी निर्णय अब उन्हें खुद लेने होंगे. इस अवसर पर बच्चों द्वारा रंगारंग कार्यक्रम प्रस्तुत किया गया जिससे सभी का मन मोह लिया. कार्यक्रम का संचालन अर्चना दास एवं धन्यवाद ज्ञापन बेबी चौधरी ने किया.

