जीवन में आगे बढ़ें, माता-पिता व विद्यालय का नाम करें रोशन
श्रीनाथ पब्लिक स्कूल के 10वीं के विद्यार्थियों को दी गई विदाई, सभी ने साझा की अपनी बातें
जमशेदपुर : आदित्यपुर स्थित श्रीनाथ पब्लिक स्कूल में कक्षा दसवीं के विद्यार्थियों के सम्मान में विदाई समारोह का आयोजन किया गया. इस अवसर पर विद्यालय के प्राचार्य, शिक्षकगण तथा अन्य छात्र-छात्राएं उपस्थित थे. कार्यक्रम का शुभारंभ सरस्वती वंदना से हुआ. इसके पश्चात जूनियर विद्यार्थियों ने गीत, नृत्य एवं सांस्कृतिक कार्यक्रम प्रस्तुत कर विदा होनेवाले विद्यार्थियों के प्रति अपनी भावनाएं व्यक्त की. विद्यालय कॉर्डिनेटर स्वेता गुहा राय एवं विषय शिक्षकों ने विद्यार्थियों को उज्ज्वल भविष्य की शुभकामनाएं देते हुए उन्हें जीवन में परिश्रम, अनुशासन और सदाचार का पालन करने की प्रेरणा दी.
विद्यालय के प्राचार्य संजय कुमार सिंह एवं अकादमिक निदेशक दिलीप कुमार महतो ने कहा कि विद्यार्थी विद्यालय के गौरव हैं और उन्हें जीवन में आगे बढक़र अपने माता-पिता एवं विद्यालय का नाम रोशन करना चाहिए. जीवन में आने वाली चुनौतियों का डट कर मुकाबला करना एवं विवेक से काम लेना चाहिए. कक्षा दसवीं के विद्यार्थियों ने भी अपने विद्यालय के अनुभव साझा करते हुए शिक्षकों के प्रति आभार व्यक्त किया. अंत में सभी विद्यार्थियों को स्मृति-चिह्न प्रदान कर उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की गई.
