झारखंड के पांच राजनीतिक दलों की मान्यता पर संकट, चुनाव आयोग ने जारी किया नोटिस

झारखंड के पांच राजनीतिक दलों पर मान्यता रद्द होने का खतरा मंडरा रहा है। भारत निर्वाचन आयोग के निर्देश पर मुख्य निर्वाचन पदाधिकारी के. रवि कुमार ने इन दलों को कारण बताओ नोटिस जारी किया है। कारण यह है कि ये दल पिछले छह वर्षों से किसी भी लोकसभा या विधानसभा के आम चुनाव या उपचुनाव में हिस्सा नहीं ले रहे हैं।
नोटिस पाने वाले दलों में हजारीबाग का आपका हमारा पार्टी, गिरिडीह का बहुजन सदन मोर्चा, पूर्वी सिंहभूम का झारखंड दिशाेम पार्टी, रांची का हम किसान पार्टी और झारखंड जनाधिकार पार्टी शामिल हैं।
निर्वाचन आयोग के नियमों के अनुसार, यदि कोई पंजीकृत राजनीतिक दल लगातार छह साल तक कोई चुनाव नहीं लड़ता, तो उसकी मान्यता रद्द की जा सकती है। साथ ही, जनप्रतिनिधित्व अधिनियम, 1951 की धारा 29ए के तहत दलों को पंजीकरण के समय दिए गए विवरणों में किसी भी बदलाव की सूचना तुरंत आयोग को देनी होती है।
चुनाव आयोग ने इन दलों को 22 अगस्त तक शपथ पत्र के साथ अपना लिखित पक्ष प्रस्तुत करने का निर्देश दिया है। इसके बाद 29 अगस्त को सुबह 11 बजे मुख्य निर्वाचन पदाधिकारी कार्यालय, रांची में सुनवाई होगी।मुख्य निर्वाचन पदाधिकारी ने इन दलों के अधिकृत प्रतिनिधियों से समय पर आवश्यक कार्रवाई करने की अपील की है। उल्लेखनीय है कि इससे पहले भी राज्य के पांच अन्य राजनीतिक दलों का पंजीकरण रद्द किया जा चुका है।