Jharkhand Weather Update : कोल्हान में शुरू हुआ गर्मी का ‘टॉर्चर’, झुलसने लगे जमशेदपुर, सरायकेला व चाईबासा, पूरे राज्य में तेजी से बढ़ेगा तापमान
सांकेतिक तस्वीर.
- झारखंड में डाल्टेनगंज सबसे अधिक गर्म
Ranchi/Jamshedpur/Jharkhand : झारखंड में मौसम साफ होते ही सूरज के तेवर तल्ख होने लगे हैं। राजधानी रांची समेत राज्य के अधिकांश जिलों में तापमान में तेजी से बढ़ोतरी दर्ज की जा रही है। शुक्रवार को राज्य में सबसे अधिक तापमान डालटेनगंज में दर्ज किया गया। वहीं, कोल्हान प्रमंडल के तीनों जिलों- जमशेदपुर, चाईबासा और सरायकेला में इन दिनों राज्य के सबसे अधिक गर्मी हैं। मौसम विभाग के अनुसार, मार्च महीने में ही गर्मी ने अपने तेवर दिखाने शुरू कर दिए हैं और आने वाले दो-तीन दिनों में पारा 2 से 3 डिग्री और चढ़ने की संभावना है।
मौसम विभाग के आंकड़ों के अनुसार, शुक्रवार को कोल्हान प्रमंडल में भीषण गर्मी का अहसास हो रहा है। राज्य में सबसे अधिक गर्मी चाईबासा, सरायकेला और जमशेदपुर में रिकॉर्ड की गई, जहां पारा 36 डिग्री सेल्सियस के पार पहुंच चुका है।
- चाईबासा : अधिकतम तापमान 37.4 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया।
- सरायकेला : यहां का पारा 37.2 डिग्री सेल्सियस तक जा पहुंचा।
- जमशेदपुर : लौहनगरी में अधिकतम तापमान 36.5 से 37.5 डिग्री सेल्सियस के बीच रहा।
- डाल्टनगंज में पारा 39 डिग्री के पार, गुमला सबसे ठंडा
राज्य में पिछले 24 घंटों के दौरान सबसे अधिक गर्मी डाल्टनगंज में महसूस की गई, जहाँ अधिकतम तापमान 39.2 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच गया है। वहीं, इसके विपरीत गुमला में न्यूनतम तापमान 13.5 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जो राज्य में सबसे कम रहा।
राज्य के प्रमुख शहरों का तापमान अधिकतम व न्यूनतम
- डाल्टनगंज | 39.2 | 17.1 |
- जमशेदपुर | 37.5 | 23.3 |
- चाईबासा | 37.4 | 23.4 |
- बोकारो | 35.1 | 17.5 |
- रांची | 33.6 | 17.4 |
17 मार्च तक बारिश और वज्रपात का येलो अलर्ट
बढ़ती गर्मी के बीच मौसम विभाग ने राहत और चेतावनी दोनों दी है। विभाग के अनुसार, 17 मार्च तक राज्य के विभिन्न हिस्सों में गरज के साथ हल्की बारिश और वज्रपात (Lightning) की संभावना है। इसे देखते हुए मौसम केंद्र ने ‘येलो अलर्ट’ जारी किया है। मौसम वैज्ञानिकों का कहना है कि बादलों के आने-जाने और हल्की बारिश से तापमान में क्षणिक गिरावट आ सकती है, लेकिन गर्मी का बढ़ना निरंतर जारी रहेगा।
विशेषज्ञों की सलाह
मौसम विभाग ने बढ़ते तापमान और वज्रपात की आशंका को देखते हुए लोगों को सतर्क रहने की सलाह दी है। विशेषकर दोपहर के समय अनावश्यक बाहर निकलने से बचने और खराब मौसम के दौरान सुरक्षित स्थानों पर शरण लेने का आग्रह किया गया है।
