February 11, 2026

झारखंड में बढ़ रहा अपराध, अमित शाह को कराएंगे अवगत

IMG-20260124-WA0002

भाजपा प्रदेश अध्यक्ष आदित्य साहू पहुंचे कैरव गांधी के घर, परिजनों से मिल जताया दु:ख

जमशेदपुर : भाजपा के नवनिर्वाचित प्रदेश अध्यक्ष सह राज्यसभा सांसद आदित्य साहू ने राज्य में बढ़ते अपराध और अपहरण की घटनाओं को लेकर झामुमो-कांग्रेस सरकार और पुलिस प्रशासन पर हमला बोला. युवा उद्यमी कैरव गांधी के अपहरण मामले में परिजनों से मुलाकात के बाद परिसदन में पत्रकारों से बातचीत करते हुए कहा कि झारखंड में कानून-व्यवस्था पूरी तरह ध्वस्त हो चुकी है और अपराधियों का पुलिस से भय समाप्त हो गया है. यही नहीं, रांची, बोकारो और कोडरमा सहित राज्य के कई हिस्सों में बच्चे महीनों से लापता हैं और सरकार मूकदर्शक बनी हुई है.
उन्होंने कहा कि कैरव के अपहरण हुए 10 दिनों बाद भी पुलिस प्रशासन उसके संबंध में कोई ठोस जानकारी देने की स्थिति में नहीं है, जिससे परिजन परेशान है. उन्होंने जमशेदपुर के एसएसपी की कार्यशैली पर सवाल उठाते हुए कहा कि जब जिले का कप्तान ही निष्क्रिय रहेगा तो कानून-व्यवस्था की स्थिति कैसे सुधरेगी. श्री साहू ने इस मामले की सीबीआई जांच की मांग करते हुए कहा कि वे 27 जनवरी को डीजीपी से मुलाकात करेंगे और 28 जनवरी को केंद्रीय गृह मंत्री से मिलकर झारखंड में बढ़ते अपराध और अपहरण की घटनाओं की जानकारी देंगे. प्रेस वार्ता में भाजपा प्रदेश मंत्री नंदजी प्रसाद, जमशेदपुर महानगर अध्यक्ष संजीव सिन्हा एवं जिला मीडिया प्रभारी प्रेम झा मौजूद रहे.

संगठित उद्योग का रुप ले चुका है अपहरण

उन्होंने राज्य की वर्तमान स्थिति की तुलना 90 के दशक के बिहार के जंगलराज से करते हुए कहा कि झारखंड उसी रास्ते पर चल पड़ा है जहां गुंडे और अपराधी बेखौफ होकर घटनाओं को अंजाम दे रहे हैं. पहले राज्य में पत्थर, लोहा और कोयले की चोरी, अवैध खनन और तस्करी की घटनाएं सामने आती थीं, लेकिन अब अपहरण एक संगठित उद्योग का रूप ले चुका है. श्री साहू ने आरोप लगाया कि राज्य में आदिवासी और मूलवासी की जमीनें लूटी जा रही हैं, महिलाओं और बेटियों पर अत्याचार बढ़ रहे हैं और आम जनता असुरक्षित महसूस कर रही है.

आदित्य के शहरागमन पर हुआ भव्य स्वागत
भाजपा प्रदेश अध्यक्ष आदित्य साहू के शुक्रवार को शहर पहुंचने पर महानगर अध्यक्ष संजीव सिन्हा के नेतृत्व में सोनारी मरीन ड्राइव स्थित डोबो पुल पर कार्यकर्ताओं ने स्वागत किया. इस दौरान पार्टी के वरिष्ठ नेताओं के संग जिला पदाधिकारी, विभिन्न मोर्चा अध्यक्ष एवं मंडल अध्यक्षगण मौजूद रहे. जमशेदपुर पहुंचते ही प्रदेश अध्यक्ष आदित्य साहू सीएच एरिया के युवा उधमी कैरव गांधी के परिवारजनों से मिलने उनके आवास पर गए.