February 23, 2026

जिले के तीन निकायों में मतदान सोमवार को, कर्मी हुए रवाना

IMG-20260223-WA0007


मानगो में 34, चाकुलिया में 9 तथा जुगसलाई में 17 वार्डों में होगा मतदान
तीनों निकाय में मेयर-अध्यक्ष पद महिला के लिये आरक्षित

जमशेदपुर : राज्य में हो रहे निकाय चुनाव के तहत कल, 23 फरवरी को जिले के तीन निकायों में मतदान होगा. इसके लिये गोलमुरी सह जुगसलाई प्रखंड परिसर स्थित डिस्पैच सेंटर से चाकुलिया नगर पंचायत, जुगसलाई नगर परिषद और मानगो नगर निगम की पोलिंग पार्टियों को रवाना कर दिया गया. जिला निर्वाचन पदाधिकारी कर्ण सत्यार्थी ने डिस्पैच सेंटर का निरीक्षण कर सुव्यवस्थित मतदान सामग्री और मतपेटिका वितरण को लेकर पदाधिकारियों को आवश्यक दिशा निर्देश दिए. साथ ही पोलिंग पार्टियों से भी संवाद स्थापित कर स्वतंत्र, निष्पक्ष और पारदर्शी निर्वाचन कार्य संपन्न कराने हेतु प्रेरित किया. निर्वाचन कार्य से जुड़ी प्रत्येक गतिविधियों में निर्वाचन आयोग के दिशा-निर्देशों के अक्षरश: अनुपालन सुनिश्चित कराने की बात कही. कल, सोमवार को पूर्वाह्न 7 बजे से संध्या 5 बजे तक मतदान होगा.
जिले में तीन निकाय मानगो नगर निगम, जुगसलाई नगर परिषद व चाकुलिया नगर पंचायत में मेयर/अध्यक्ष पद के लिये एक-एक सीट है. सिर्फ चाकुलिया नगर पंचायत में अनुसूचित जनजाति (महिला) का आरक्षण है, जबकि मानगो नगर निगम व जुगसलाई नगर परिषद में अनारक्षित (महिला) सीट है. जिले में तीनों निकाय के 70 सीट है, जिसमें 8 सीटों पर निर्विरोध प्रत्याशी जीत चुके हैं, जबकि एक सीट पर प्रत्याशी के निधन होने तथा एक पर कई प्रत्याशी के नामांकन नहीं होने की वजह से चुनाव नहीं होंगे. मानगो में कुल 36 वार्ड है, जिसमें 34 वार्ड में मतदान होंगे. यहां वार्ड संख्या 33 के प्रत्याशी रहे शीतल रजक के निधन होने से चुनाव रद्द कर दिया गया है, जबकि वार्ड संख्या 22 में एक भी प्रत्याशी नहीं होने की वजह से मतदान नहीं होगा. मानगो में 190 मतदान केन्द्र बनाये गये हैं, जहां कुल 196791 मतदाता वोट देंगे.
जुगसलाई नगर परिषद में कुल 22 वार्ड निर्धारित है, जिसमें 5 सीटों पर पूर्व में ही निर्विरोध जीत हो चुकी है. इस लिहाज से यहां सिर्फ 17 सीटों पर मतदान होगा. यहां 41 मतदान केन्द्रों में 44239 मतदाता अपने मताधिकार का प्रयोग करेंगे.
चाकुलिया नगर नगर पंचायत में 12 वार्ड निर्धारित है. यहां भी 3 वार्ड में प्रत्याशी निर्विरोध जीत दर्ज कर चुके हैं. ऐसे में सिर्फ 9 वार्डों में मतदान होगा. इसके लिये कुल 18 मतदान केन्द्र बनाये गये हैं, जहां 12587 मतदाता कल वोट डालेंगे.

डीसी-एसएसपी ने जारी किये दिशा-निर्देश
जिला निर्वाचन पदाधिकारी सह उपायुक्त एवं वरीय पुलिस अधीक्षक ने सेक्टर पदाधिकारी एवं सेक्टर पुलिस पदाधिकारी की ब्रीफिंग में मतदान दिवस को सुगम मतदान तथा सुरक्षा एवं विधि व्यवस्था संधारण को लेकर आवश्यक दिशा-निर्देश दिया. बताया कि मतदान पश्चात मतपेटी की रिसीविंग 23 फरवरी 2026 तथा मतगणना 27 फरवरी 2026 को संपन्न होगी. जिला निर्वाचन पदाधिकारी कर्ण सत्यार्थी के निर्देशानुसार रिसीविंग एवं मतगणना के दौरान अभ्यर्थियों, निर्वाचन अभिकर्ताओं एवं गणन अभिकर्ताओं के वाहनों के सुचारू आवागमन एवं पार्किंग व्यवस्था सुनिश्चित करने हेतु जिला प्रशासन द्वारा आवश्यक दिशा-निर्देश जारी किए गए हैं. निर्धारित स्थानों पर ही वाहनों की पार्किंग की अनुमति होगी.