March 7, 2026

जन शिकायत निवारण दिवस पर पहुंचे 30 से अधिक फरियादी

IMG-20260306-WA0001

डीडीसी ने सुनी समस्याएं, त्वरित निष्पादन का दिया निर्देश

जमशेदपुर : जन शिकायत निवारण दिवस पर आज उप विकास आयुक्त नागेन्द्र पासवान ने प्रखंडों एवं शहरी क्षेत्र के 30 से अधिक नागरिकों से उपायुक्त कार्यालय कक्ष में मुलाकात की एवं लोगों की समस्याओं एवं सुझावों को सुना. इस दौरान लोगों ने जमीन विवाद, आपदा लंबित मुआवजा भुगतान, पेंशन और मंईयां सम्मान योजना का लाभ, सेवा निवृत्ति लाभ, परिवारिक प्रताडऩा, जमीन विवाद, आवास दिलाने, निजी जमीन पर दबंगों के द्वारा अवैध कब्जा, पैसे के लेन-देन में विवाद, निर्धन बच्चों का नामांकन, फीस माफी, भूमि सीमांकन, आधार कार्ड अपडेट, जन्म प्रमाण पत्र, रोजी-रोजगार समेत जनहित से जुड़ी अन्य समस्याओ को मांगपत्र के माध्यम से रखा.
उप विकास आयुक्त ने इन समस्याओं को गंभीरता से सुनते हुए प्राप्त आवेदनों को संबंधित विभागों एवं पदाधिकारियों को समाधान हेतु अग्रसारित किया. साथ ही निर्देश दिया कि प्रत्येक आवेदन पर समयबद्ध कार्रवाई सुनिश्चित करें. हालांकि कई आवेदनों का ऑन द स्पॉट समाधान किया गया. शेष आवेदनों को लेकर संबंधित विभागीय पदाधिकारी को स्पष्ट निर्देश दिया गया कि जन शिकायत निवारण दिवस पर प्राप्त आवेदनों का निष्पादन प्राथमिकता से करें. विभागीय समीक्षा के क्रम में उपायुक्त द्वारा जन शिकायत में प्राप्त आवेदनों की भी समीक्षा नियमित की जा रही, ताकि जनसमस्याओं का समाधान त्वरित रूप से किया जा सके.