March 17, 2026

जुगसलाई नगर परिषद की अध्यक्ष नौशीन ने संभाला पदभार

IMG-20260316-WA0011

प्रखंड कार्यालय में उपायुक्त ने दिलाई पद व गोपनीयता की शपथ

जमशेदपुर : जिला निर्वाचन पदाधिकारी सह उपायुक्त कर्ण सत्यार्थी ने जुगसलाई नगर परिषद की नव निर्वाचित अध्यक्ष नौशीन खान को प्रखंड सभागार, गोलमुरी सह जुगसलाई में आयोजित कार्यक्रम के दौरान पद एवं गोपनीयता की शपथ दिलाई. इस अवसर पर जिला निर्वाचन पदाधिकारी ने नव निर्वाचित अध्यक्ष को जनहित एवं नगर क्षेत्र के समग्र विकास हेतु निष्पक्ष, पारदर्शी एवं जनोन्मुखी तरीके से कार्य करने की शुभकामनाएं दी. कार्यक्रम में संबंधित पदाधिकारी, जनप्रतिनिधि एवं अन्य गणमान्य व्यक्ति उपस्थित रहे.
इस दौरान नगर परिषद के सभी 22 वार्ड सदस्यों को भी विधिवत शपथ दिलाई गई. शपथ ग्रहण के बाद नवनिर्वाचित अध्यक्ष नौशीन खान ने जनता का आभार जताते हुए कहा कि जुगसलाई की जनता ने उन पर जो भरोसा जताया है, उस पर वे खरा उतरने का प्रयास करेंगी. उन्होंने कहा कि उनकी पहली प्राथमिकता जुगसलाई नगर परिषद क्षेत्र के सर्वांगीण विकास, बुनियादी सुविधाओं की उपलब्धता और जनता की समस्याओं के समाधान को सुनिश्चित करना होगा. उन्होंने कहा कि सभी वार्ड सदस्यों के साथ मिलकर टीम भावना के साथ कार्य करेंगी. इस अवसर पर उपस्थित अधिकारियों और जनप्रतिनिधियों ने भी नवनिर्वाचित अध्यक्ष और वार्ड सदस्यों को बधाई दी तथा उनके उज्ज्वल भविष्य की शुभकामनाएं दी.