February 11, 2026

खराब विधि-व्यवस्था के विरोध में एसएसपी ऑफिस पर आक्रोश प्रदर्शन

IMG-20260118-WA0001

भाजपा का जोरदार प्रदर्शन, सांसद-विधायक भी हुए शामिल : प्रशासन को चेतावनी स्थिति सुधारें

जमशेदपुर : शहर में इन दिनों ध्वस्त होती विधि-व्यवस्था, बढ़ते आपराधिक घटना और शहर में हो रहे अपहरण जैसी गंभीर वारदातों के विरोध में एसएसपी कार्यालय में प्रदर्शन कर विरोध जताया, जिसका नेतृत्व महानगर अध्यक्ष संजीव सिन्हा ने किया. पार्टी कार्यकर्ताओं ने प्रशासन की नाकामी के खिलाफ आक्रोश जताया. कार्यकर्ता साकची पार्टी कार्यालय से एसएसपी कार्यालय तक नारेबाजी करते हुए पहुंचे. प्रदर्शन में सांसद विद्युत वरण महतो, पूर्व प्रदेश अध्यक्ष डॉ दिनेशानंद गोस्वामी, विधायक पूर्णिमा साहू, प्रदेश मंत्री नंदजी प्रसाद, प्रदेश प्रवक्ता अमरप्रीत सिंह काले समेत कई प्रमुख नेता एवं कार्यकर्ता शामिल हुए.
मौके पर सांसद ने कहा कि शहर में लगातार बिगड़ती कानून-व्यवस्था, बढ़ते अपराध, छिनतई, नशा के कारोबार, चोरी और अपहरण की घटनाओं ने पूरे शहर को दहशत में डाल दिया है. यह स्थिति चिंताजनक है कि औद्योगिक नगरी, जो शांति, अनुशासन और मेहनतकश लोगों के लिए जानी जाती थी, आज अपराधियों की गिरफ्त में जाती दिखाई दे रही है. झामुमो-कांग्रेस सरकार की उदासीनता और पुलिस प्रशासन की निष्क्रियता ने अपराधियों का मनोबल बढ़ा दिया है. आक्रोश प्रदर्शन को पूर्व जिलाध्यक्ष देवेंद्र सिंह, अभय सिंह, रामबाबू तिवारी, बिनोद सिंह, गुंजन यादव, मनोज सिंह, कुलवंत सिंह बंटी, राजन सिंह ने भी संबोधित किया. प्रदर्शन का संचालन अनिल मोदी एवं धन्यवाद ज्ञापन साकची पश्चिम मंडल अध्यक्ष रंजीत सिंह ने किया.

प्रशासन की सुस्ती से अपराधियों का बढ़ा मनोबल : पूर्णिमा
विधायक पूर्णिमा साहू ने कहा कि हाल के दिनों में शहर के प्रतिष्ठित कारोबारी के बेटे के साथ-साथ सिदगोड़ा के एक मजदूर का नाबालिग बेटा भी लापता है. माता-पिता को सिदगोड़ा और साकची थाने के बीच तीन दिन तक घुमाया गया. आज नौ दिन बीत चुके हैं, दोनों थानों और एसएसपी को जानकारी होने के बावजूद बच्चे का कोई सुराग नहीं मिला है. उन्होंने हेलमेट जांच के नाम पर विभिन्न गलियों में बनाए गए चेकिंग पॉइंट तुरंत हटाने की मांग की. कहा कि क्षेत्र में गो-तस्करी तेजी से बढ़ रही है, शिकायतों के बावजूद कोई कार्रवाई नहीं होती.

अवैध धंधों का शहर बनता जा रहा है जमशेदपुर
भाजपा नेता अभय सिंह ने राज्य सरकार को चेतावनी देते हुए कहा कि आज शहर बर्बादी की कगार पर खड़ा है. वर्ष 1990 का दशक तेजी के साथ लौट रहा है पहले माफिया राज था लेकिन आज दारू बिक्री, सट्टा, मटका, शराब, लॉटरी, ब्राउन शुगर, अफीम, गांजा, बालू की चोरी सहित कई चीजों की बिक्री धड़ल्ले से हो रही है. उन्होंने कहा कि अब तो बाहरी अपराधी भी इस शहर में सक्रिय हो गए हैं और अपहरण, फिरौती भी तेजी से शहर में पनप रहा है. श्री सिंह ने कहा कि एक ओर शहर जल रहा है, दूसरी ओर मुख्यमंत्री विदेशों में उद्योगपतियों को लुभाने के लिये दौरा कर रहे हैं.