February 14, 2026

खरकई व जुबिली ने जीते मैच, रंधीर-चाणक्य मैन ऑफ द मैच

IMG-20260214-WA0002

प्रेस क्लब ऑफ जमशेदपुर का कीनन स्टेडियम में मीडिया कप टूर्नामेंट

जमशेदपुर : प्रेस क्लब ऑफ जमशेदपुर की ओर से स्थानीय कीनन स्टेडियम में खेले गए मीडिया कप क्रिकेट टूर्नामेंट के दो मुकाबलों में दर्शकों को रोमांचक क्रिकेट देखने को मिला. पहले मैच में खरकई ने डिमना को 4 रनों से हराया, जबकि दूसरे मुकाबले में जुबिली ने कालीमाटी को 6 विकेट से पराजित कर अंक तालिका में अपनी स्थिति मजबूत कर ली.
पहले मैच में खरकाई ने निर्धारित 15 ओवर में 2 विकेट पर 141 रन बनाए. रंधीर सिंह ने 39 गेंदों पर 57 रनों की शानदार पारी खेली, जबकि बाबू वसीम ने 28 गेंदों पर 37 रन जोड़े. दोनों के बीच मजबूत साझेदारी ने टीम को बड़े स्कोर तक पहुंचाया. डिमना की ओर से प्रशांत (3 ओवर, 25 रन, 1 विकेट) और विवेक (3 ओवर, 21 रन, 1 विकेट) ने किफायती गेंदबाजी की. लक्ष्य का पीछा करते हुए डिमना ने 15 ओवर में 5 विकेट पर 137 रन ही बना सकी. रंजीत ने 38 गेंदों पर 49 रन और गुलशन ने 21 गेंदों पर 30 रन बनाए, लेकिन टीम लक्ष्य से 4 रन दूर रह गई. खरकई की ओर से ललित ने 3 ओवर में 18 रन देकर 2 विकेट झटककर मैच का रुख पलट दिया. मैन ऑफ द मैच रंधीर को वरीय पत्रकार गणेश मेहता ने मैन ऑफ द मैच देकर पुरस्कृत किया.

चाणक्य के ऑलराउंड खेल से जुबिली की मजबूत जीत
दूसरे मुकाबले में कालीमाटी ने टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी की और 15 ओवर में 4 विकेट पर 122 रन बनाए. रत्नेश तिवारी ने 43 गेंदों पर 57 रन (6 चौके, 1 छक्का) की प्रभावी पारी खेली. जुबिली की ओर से चाणक्य शाह ने 3 ओवर में 17 रन देकर 2 विकेट लिए और विपक्षी टीम को बड़े स्कोर तक पहुंचने से रोका. जवाब में जुबिली ने 12.5 ओवर में 4 विकेट पर 125 रन बनाकर मुकाबला 6 विकेट से जीत लिया. प्रतीक ने 29 गेंदों पर 34 रन (6 चौके) की तेज पारी खेली. कालीमाटी की ओर से रोहन ने 2.5 ओवर में 33 रन देकर 2 विकेट लिए. चाणक्य शाह को उनके ऑलराउंड प्रदर्शन (नाबाद 32 रन और 2 विकेट) के लिए मैन ऑफ द मैच चुना गया. चाणक्य को वरीय पत्रकार डॉ संजय मिश्रा ने मैन ऑफ द मैच का पुरस्कार देकर सम्मानित किया.