March 26, 2026

Koderma Ghati Truck Accident : कोडरमा घाटी में दो ट्रकों के बीच भीषण टक्कर, मदद के बजाय दाल लूटने में जुटे लोग

Koderma Ghati Truck Accident

कोडरमा घाटी में दो ट्रकों के बीच भीषण टक्कर, मदद के बजाय दाल लूटने में जुटे लोग

Koderma/Jharkhand : झारखंड के कोडरमा जिला अंतर्गत कोडरमा थाना क्षेत्र में बुधवार की सुबह एक दर्दनाक सड़क हादसा सामने आया। रांची-पटना मुख्य मार्ग पर स्थित कोडरमा घाटी के मेघातरी काली मंडा के पास दो ट्रकों के बीच आमने-सामने की जोरदार टक्कर हो गई। इस भीषण भिड़ंत में दोनों ट्रक अनियंत्रित होकर सड़क किनारे पलट गए। हालांकि, इस दुर्घटना के बाद जो मंजर दिखा उसने मानवता को शर्मसार कर दिया। घायल चालक की मदद करने के बजाय लोग सड़क पर बिखरी दाल की बोरियां लूटने में मशगूल हो गए।

आमने-सामने की भिड़ंत में पलटे दोनों ट्रक

जानकारी के अनुसार, एक ट्रक कोलकाता से करीब 1000 बोरी दाल लादकर बिहार की ओर जा रहा था। इसी दौरान विपरीत दिशा (नवादा) से कोडरमा की ओर आ रहे एक खाली ट्रक के साथ मेघातरी के काली मंडा के पास उसकी सीधी टक्कर हो गई। दोनों ट्रकों के चालक एक-दूसरे को चकमा देने की कोशिश में नियंत्रण खो बैठे, जिसके परिणामस्वरूप दोनों वाहन सड़क के विपरीत किनारों पर पलट गए।

hemkund-public-school

घायल चालक अस्पताल पहुंचे, फिर शुरू हो गई ‘लूट’

इस सड़क हादसे में दाल लदे ट्रक के चालक मुकेश कुमार और उपचालक राहुल कुमार (दोनों छपरा, बिहार निवासी) गंभीर रूप से घायल हो गए। खाली ट्रक के चालक को भी हल्की चोटें आईं। स्थानीय लोगों की शुरुआती मदद से घायलों को एंबुलेंस के जरिए कोडरमा सदर अस्पताल भेजा गया। लेकिन, जैसे ही घायल चालक और उपचालक अस्पताल के लिए रवाना हुए, वहां मौजूद भीड़ का एक हिस्सा दाल लूटने पर उतारू हो गया। बताया जा रहा है कि लोगों ने सड़क पर और ट्रक से बिखरे हुए करीब 500 बोरे दाल लूट लिए और अपने-अपने घरों की ओर चंपत हो गए।

छापेमारी और सर्च अभियान जारी

घटना की जानकारी मिलते ही कोडरमा थाना की पीसीआर पुलिस तुरंत मौके पर पहुंची। घटनास्थल का जायजा लेने के बाद पुलिस ने लूट की घटना को गंभीरता से लिया है। कोडरमा पुलिस ने अब आसपास के क्षेत्रों और संदिग्ध घरों में सघन सर्च अभियान शुरू कर दिया है। पुलिस का मुख्य उद्देश्य लूटे गए दाल के बोरों को बरामद करना और इस अवैध कृत्य में शामिल लोगों की पहचान करना है। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि दुर्घटना का फायदा उठाकर सामान लूटना एक दंडनीय अपराध है और इसमें शामिल किसी भी व्यक्ति को बख्शा नहीं जाएगा। फिलहाल, पुलिस की टीमें घाटी के आसपास के गांवों में छापेमारी कर रही हैं।