करीम सिटी की वर्षा राष्ट्रीय एकता शिविर के लिये चयनित
ओडि़सा के बारीपदा में होगा आयोजन
जमशेदपुर : करीम सिटी कॉलेज की एनएसएस इकाई की स्वयंसेविका वर्षा चौधरी का चयन राष्ट्रीय एकता शिविर के लिए हुआ है. यह शिविर बारीपदा (ओडिशा) में आयोजित किया जाएगा, जहां देश के विभिन्न राज्यों से चयनित स्वयंसेवक सहभागिता करेंगे. राष्ट्रीय एकता शिविर युवाओं के बीच सांस्कृतिक समन्वय, आपसी समझ, नेतृत्व क्षमता तथा राष्ट्रीय भावना को सुदृढ़ करने का एक महत्वपूर्ण मंच है. वर्षा चौधरी ने एनएसएस की विभिन्न गतिविधियों-सामाजिक जागरूकता अभियान, विशेष शिविर, स्वच्छता अभियान एवं सांस्कृतिक कार्यक्रमों में सक्रिय भूमिका निभाते हुए अपनी प्रतिबद्धता और क्षमता का परिचय दिया है. उनके इसी समर्पण और निरंतर प्रयास के फलस्वरूप उन्हें यह राष्ट्रीय अवसर प्राप्त हुआ है.
इस उपलब्धि पर महाविद्यालय के प्राचार्य डॉ. मोहम्मद रियाज ने वर्षा को बधाई देते हुए कहा कि यह चयन न केवल छात्रा के लिए बल्कि पूरे महाविद्यालय परिवार के लिए सम्मान का क्षण है. एनएसएस कार्यक्रम पदाधिकारी डॉ. आले अली ने कहा कि वर्षा की मेहनत और अनुशासन की सराहना करते हुए कहा कि वह निश्चित रूप से इस अवसर का सदुपयोग करेंगी और नई सीख एवं अनुभव लेकर लौटेंगी.
