March 28, 2026

बादामपहाड़–केंदुझार रेलवे लाइन के लिए भूमि अधिग्रहण सर्वे शुरू

रायरंगपुर। बादामपहाड़–केंदुझार रेलवे लाइन परियोजना के लिए भूमि अधिग्रहण का सर्वे कार्य शुरू कर दिया गया है। रेलवे अधिनियम, 1989 की धारा 20(बी) के तहत प्रदत्त अधिकारों का उपयोग करते हुए जिला कलेक्टर ने 12 जनवरी से 2 फरवरी तक भूमि सर्वेक्षण, मापी, सीमांकन एवं जांच कार्य कराने के निर्देश दिए हैं।

यह सर्वे विशेष रेलवे परियोजना “बादामपहाड़–केंदुझारगढ़ (82.06 किमी, जिसमें मयूरभंज सेक्शन 47.46 किमी शामिल है) नई ब्रॉड गेज लाइन” के अंतर्गत किया जा रहा है।

hemkund-public-school

इस परियोजना के लिए भूमि अधिग्रहण में करंजिया तहसील के 6 गांव, शुकरिली तहसील के 7 गांव, यशीपुर तहसील के 19 गांव तथा कुसुमी तहसील के 3 गांव शामिल हैं। इसे देखते हुए जिला कलेक्टर ने करंजिया, शुकरिली, यशीपुर और कुसुमी के तहसीलदारों को निर्देश दिया है कि वे अपने-अपने क्षेत्रों में राजस्व पर्यवेक्षकों, राजस्व निरीक्षकों एवं अमीनों की नियुक्ति कर सर्वे कार्य संपन्न कराएं।

निर्देशानुसार, संबंधित टीमें रेलवे अधिनियम की धारा 20(बी) के अंतर्गत भूखंडों की पहचान, स्वामित्व सत्यापन, क्षेत्रीय सत्यापन तथा पेड़ों की गिनती का कार्य करेंगी। इसके साथ ही वन विभाग एवं इंजीनियरिंग विभाग के अधिकारियों के साथ समन्वय स्थापित कर अनुमोदित कार्य अनुसूची के अनुसार सर्वे प्रक्रिया पूरी की जाएगी।

सर्वे कार्य पूर्ण होने के बाद टीम द्वारा भूमि एवं संपत्ति का रचनात्मक मूल्यांकन कर एक विस्तृत रिपोर्ट जिला कलेक्टर को प्रस्तुत की जाएगी।

You may have missed