मानगो महापौर के 3, जुगसलाई नप के 1 प्रत्याशी का नामांकन निरस्त
निकाय चुनाव हेतु सभी प्रत्याशियों के नामांकन पत्रों की जांच, शुक्रवार को नाम वापसी की तिथि निर्धारित
जमशेदपुर : निर्वाची पदाधिकारियों के कार्यालय में नगरपालिका चुनाव हेतु महापौर, अध्यक्ष, वार्ड सदस्यों के लिए समर्पित नाम निर्देशन पत्रों की संवीक्षा की गई. नामांकन संवीक्षा के क्रम में मानगो नगर निगम में महापौर के 3, जुगसलाई नगर परिषद में अध्यक्ष के 1 उम्मीदवार का नामांकन प्रपत्र में त्रुटि के कारण उम्मीदवारी निरस्त किया गया. नाम वापसी की तिथि कल, 6 फरवरी निर्धारित है. इच्छुक प्रत्याशी पूर्वाह्न 11 से अपराह्न 3 बजे तक अपना नाम वापस ले सकते हैं. इस क्रम में मानगो निर्वाचन क्षेत्र में महापौर निर्वाचन हेतु सुधा गुप्ता, कुमकुम श्रीवास्तव, जेबा कादरी, शाइस्ता परवीन उर्फ जेबा खान, बनिता सहाय, राईमुनी सुण्डी, इंदिरा सुन्डी, संध्या सिंह, लक्की सिंह, पार्वती देवी, प्रतिभा रानी, सुशीला सिंह, सोनामुनी सोरेन आदि कुल 13 अभ्यर्थी का नामांकन पत्र योग्य पाया गया. जबकि शबाना बानो, काकोली महतो एवं अनिता देवी का नामांकन पत्र में त्रुटि के कारण रद्द कर दिया गया.
इसी तरह जुगसलाई नगर परिषद निर्वाचन क्षेत्र में अध्यक्ष निर्वाचन हेतु जसप्रीत कौर, नौशीन खान, इंदू देवी, नीलूफर हुसैन, नूतन सिंह, डॉली मल्लिक, मुस्सर्रत खातुन, बलबीर कौर, रिंकू सिंह आदि कुल 9 अभ्यर्थी का नामांकन पत्र योग्य पाया गया. जबकि आरती चौधरी का नामांकन पत्र में त्रुटि के कारण उसे निरस्त कर दिया गया. वहीं चाकुलिया नगर पंचायत निर्वाचन क्षेत्र में अध्यक्ष निर्वाचन हेतु नामांकित किये गये सभी उम्मीदवारों संध्या रानी सरदार, चन्दना मुर्मू, सोमवारी सोरेन, शिलावती टुडू का नामांकन पत्र योग्य पाया गया.
तीनों निकाय के 14 वार्ड पार्षद प्रत्याशी का नामांकन रद्द
मानगो नगर निगम निर्वाचन क्षेत्र 1 से 36 वार्ड निर्वाचन हेतु समर्पित कुल 281 उम्मीदवारों में 6 की उम्मीदवारी नामांकन पत्र में त्रुटि के कारण अयोग्य पाया गया. शेष 275 उम्मीदवारों का नामांकन प्रपत्र योग्य पाया गया. जुगसलाई नगर परिषद निर्वाचन क्षेत्र 1 से 22 वार्ड निर्वाचन हेतु समर्पित कुल 97 उम्मीदवारों में 5 की उम्मीदवारी नामांकन पत्र में त्रुटि के कारण अयोग्य पाया गया. शेष 92 उम्मीदवारों का नामांकन प्रपत्र योग्य पाया गया. चाकुलिया नगर पंचायत निर्वाचन क्षेत्र 1 से 12 वार्ड निर्वाचन हेतु समर्पित कुल 42 उम्मीदवारों में 3 की उम्मीदवारी नामांकन पत्र में त्रुटि के कारण अयोग्य पाया गया. शेष 39 उम्मीदवारों का नामांकन प्रपत्र योग्य पाया गया.
