March 7, 2026

Mango Municipal Corporation News : मानगो नगर निगम की मेयर तो निर्वाचित हुईं, पर ‘दफ्तर’ नहीं, मुख्यमंत्री ने अधिकारियों को दी कड़ी चेतावनी

Hemant Soren-Mango Nagar Nigam

Hemant Soren-Mango Nagar Nigam

Jamshedpur/Jharkhand : लौहनगरी के मानगो क्षेत्र में लोकतंत्र की नई इबारत तो लिख दी गई, लेकिन निर्वाचित जनप्रतिनिधियों के लिए बैठने और काम करने की बुनियादी जगह अब भी एक बड़ी चुनौती बनी हुई है। फरवरी माह में संपन्न हुए मानगो नगर निगम चुनाव के बाद अब मेयर, उपमेयर और पार्षदों के कामकाज के संचालन पर संकट के बादल मंडरा रहे हैं। वजह है— नगर निगम का अपना स्थायी कार्यालय भवन न होना। इस गंभीर समस्या को लेकर नवनिर्वाचित प्रथम मेयर और पूर्व मंत्री की पहल के बाद अब सूबे के मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन ने सीधे हस्तक्षेप किया है।

मुख्यमंत्री से शिष्टाचार मुलाकात और ‘बेघर’ निगम की गुहार

हाल ही में मानगो नगर निगम की पहली मेयर चुनी गईं सुधा गुप्ता और उनके पति, राज्य के पूर्व मंत्री बन्ना गुप्ता ने रांची में मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन और कल्पना सोरेन से शिष्टाचार मुलाकात की। इस दौरान फूलों के गुलदस्ते के साथ शुरू हुई बातचीत जल्द ही जनसमस्याओं की ओर मुड़ गई। बन्ना गुप्ता ने मुख्यमंत्री को अवगत कराया कि मानगो जैसे बड़े क्षेत्र का नगर निगम वर्तमान में एक बेहद छोटे और अस्थायी भवन से संचालित हो रहा है। उन्होंने कहा कि बिना पर्याप्त स्थान और बुनियादी सुविधाओं के मेयर और पार्षदों के लिए जनता की शिकायतों का समाधान करना मुश्किल हो रहा है।

फंड है तो फाइल क्यों रुका : मुख्यमंत्री

सूत्रों से मिली जानकारी के अनुसार, इस शिकायत को मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन ने बेहद गंभीरता से लिया। उन्होंने अधिकारियों की कार्यशैली पर सवाल उठाते हुए पूछा कि जब भवन निर्माण के लिए फंड पहले से ही उपलब्ध है, तो पिछले एक वर्ष से इसकी फाइल सचिवालय के कमरों में धूल क्यों फांक रही है?

संबंधित विभाग के उच्चाधिकारियों को मुख्यमंत्री का निर्देश

  • तत्काल पहल: कार्यालय भवन के निर्माण के लिए लंबित फाइल को तुरंत प्रोसेस किया जाए।
  • विवादों का निपटारा: यदि निर्माण हेतु प्रस्तावित जमीन पर किसी प्रकार का मालिकाना हक या कानूनी विवाद है, तो उसे प्राथमिकता के आधार पर शीघ्र सुलझाया जाए।
  • निर्माण की शुरुआत: औपचारिकताएं पूरी कर यथाशीघ्र निर्माण कार्य धरातल पर शुरू कराया जाए।

जनप्रतिनिधियों को चाहिए कार्य करने का बेहतर माहौल

मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन ने बैठक में इस बात पर जोर दिया कि लोकतंत्र में जनता द्वारा चुने गए प्रतिनिधियों को काम करने के लिए एक गरिमामय और बेहतर माहौल मिलना चाहिए। उन्होंने कहा कि जब तक नगर निगम का अपना पूर्ण विकसित कार्यालय नहीं होगा, तब तक नवनिर्वाचित प्रतिनिधि अपनी पूरी क्षमता के साथ जनता की समस्याओं का त्वरित समाधान नहीं कर पाएंगे।

Also Read : Political Turmoil Jharkhand Over Bihar : झारखंड BJP का JMM पर करारा प्रहार, कही यह बड़ी बात-पढ़ें

You may have missed