मानगो से साकची तक निकलेगी हिन्दू नववर्ष यात्रा, आरती के साथ होगा समापन
हिन्दू उत्सव समिति व हिन्दू जन जागरण मंच की संयुक्त पहल : डिमना ट्रांसपोर्टनगर मैदान से होगा शुभारंभ
जमशेदपुर : हिन्दू उत्सव समिति के अध्यक्ष रवि प्रकाश (अधिवक्ता) व हिन्दू जन जागरण मंच के प्रमुख अमित शर्मा ने जानकारी दी कि बुधवार, 18 मार्च को समिति एवं मंच के तत्वावधान में मानगो डिमना चौक ट्रांसपोर्ट नगर मैदान से हिन्दू नववर्ष यात्रा निकाली जायेगी. यात्रा का संगम स्थली डिमना ट्रांसपोर्ट मैदान होगा जिसमें शहर के साथ साथ आसपास के सभी क्षेत्रो से काफी संख्या में हिन्दू शामिल होंगे. वे आज मानगो बड़ा हनुमान मंदिर में पत्रकार सम्मेलन को संबोधित कर रहे थे. उन्होंने बताया कि इसवर्ष यात्रा में महिलाओं की सहभागिता अधिक होगी. महिलाएं पारंपरिक परिधान के साथ महारानी लक्ष्मी बाई व दुर्गावती के समान अपने धर्म की रक्षा करने का संदेश देंगी. महिलाओं की अगुवाई मंजू सिंह, सुशीला, अमृता मिश्रा, उषा यादव, शशि आचार्य, संतोषी साहू, दुर्गा साहू, पूजा कुमारी सहित अन्य करेंगी महिलाएं करेंगी.
उन्होंने बताया कि यात्रा ट्रांसपोर्ट नगर से निकलकर मानगो चौक होते हुए मानगो बस स्टैंड गोलचक्कर, महाराणा प्रताप चौक, पुराना किताब दुकान चौक होते हुए बंगाल क्लब के रास्ते साकची सुभाष मैदान (आमबगान) पहुंचेगी. वहां हजारों रामभक्तों की उपस्थिति में 21 पंडितों द्वारा भारत माता की भव्य आरती के बाद इसका समापन होगा. बताया कि यात्रा को सफल बनाने व विधि व्यवस्था व यातायात नियमों को दुरुस्त करने के लिए लगभग 200 प्रमुख कार्यकर्ताओ को जिम्मेदारी सौंपी गई है, जो यातायात नियमों का पालन कराने में अपनी महती भूमिका निभाएंगे. उन्होंने हिन्दू समाज से आह्वान किया कि 18 मार्च को अपराह्न 3 बजे शहरवासी हिन्दू एकता को बढ़ाने के लिए अपने अपने घरों से निकलें और यात्रा में शामिल होकर यात्रा को सफल बनाएं. पत्रकार सम्मेलन में नित्यानंद सिन्हा, धर्मेंद्र प्रसाद, शंकर रेड्डी, राजहंस तिवारी (अधिवक्ता), पवन सिंह, सुखदेव आदि भी मौजूद थे.
शिव तांडव, अघोरी नृत्य व वानर सेना होगा आकर्षण
धर्मेन्द्र प्रसाद ने बताया कि इस वर्ष यात्रा में मुख्य आकर्षण श्री राम भगवान की 21 फीट ऊंची प्रतिमा व कई प्रकार की झांकियां जैसे राम दरबार, शिव परिवार, 9 फीट के बजरंगबली, अघोरी नृत्य झांकी, शिव तांडव, बानर सेना के साथ ही रामगढ़ का प्रसिद्ध डंका होगा, जो श्रद्धालुओं का मन मोह लेगा. साथ ही आधुनिक भव्य डीजे भी रहेगा जिसके धुन पर हजारों रामभक्त थिरकेंगे.
