मारवाड़ी युवा मंच ने रोमांचक फाइनल में जीता जेसीपीएल का खिताब
● सांसद ने खिलाडियों को किया प्रोत्साहित
जमशेदपुर : कड़े मुकाबलों और जबरदस्त रोमांच के बीच मारवाड़ी युवा मंच (एमवाईएम), स्टील सिटी की युवा टीम ने जेसीआई जमशेदपुर रॉयल्स द्वारा आयोजित दो दिवसीय जयसी प्रीमियर लीग (जेसीपीएल) का खिताब अपने नाम कर लिया. टूर्नामेंट का फाइनल ट्यूब मेकर्स क्लब मैदान में खेला गया. फाइनल मुकाबले में एमवाईएम ने लोयोला एलुमनी एसोसिएशन (एलएए) को सात विकेट से हराकर शानदार जीत दर्ज की.
पहले बल्लेबाजी करते हुए एलएए की टीम ने 12 ओवरों में 122 रन बनाए. लक्ष्य का पीछा करने उतरी एमवाईएम की टीम ने आत्मविश्वास भरा खेल दिखाया. दीपक अग्रवाल की ताबड़तोड़ बल्लेबाजी की बदौलत टीम ने मात्र तीन विकेट खोकर लक्ष्य हासिल कर लिया और खिताब पर कब्जा जमाया. फाइनल मुकाबले के दौरान सांसद विद्युत वरण महतो और अंतरराष्ट्रीय हैंडबॉल कोच हसन इमाम मौजूद रहे. उन्होंने जेसीआई जमशेदपुर रॉयल्स की इस पहल की सराहना करते हुए युवाओं को खेलों से जोड़ने के प्रयास को प्रेरणादायक बताया.
पुरस्कार वितरण समारोह में विजेता मारवाड़ी युवा मंच और उपविजेता लोयोला एलुमनी एसोसिएशन को एलएए के सीनियर वाइस प्रेसिडेंट राजीव तलवार, वाइस प्रेसिडेंट सावक पटेल तथा सिंहभूम चैंबर ऑफ कॉमर्स के वाइस प्रेसिडेंट हर्ष बाकरेवाल ने सम्मानित किया. मेजबान टीम जेसीआई जमशेदपुर रॉयल्स ने भी सराहनीय प्रदर्शन करते हुए टूर्नामेंट में द्वितीय उपविजेता स्थान हासिल किया. व्यक्तिगत प्रदर्शन में दीपक अग्रवाल (एमवाईएम) को फाइनल का प्लेयर ऑफ द मैच घोषित किया गया. लोयोला एलुमनी एसोसिएशन के उत्कर्ष शर्मा को पूरे टूर्नामेंट का सर्वश्रेष्ठ खिलाड़ी चुना गया. दीपक अग्रवाल को बेस्ट बैट्समैन और कृष्ण मोहन तिवारी (एलएए) को बेस्ट बॉलर का पुरस्कार मिला. आयोजन का नेतृत्व जेसीआई जमशेदपुर रॉयल्स के अध्यक्ष विवेक अग्रवाल ने किया, उन्हें सचिव उत्सव मित्तल, कोषाध्यक्ष विशाल अग्रवाल, तारकिशोर अग्रवाल सहित संगठन के अन्य सदस्यों का सहयोग मिला.

