महिला समस्या के समाधान हेतु घाटशिला में ‘नारी अदालत’
‘नारी अदालत योजना’ हेतु उन्मुखीकरण कार्यशाला
जमशेदपुर : उपायुक्त कर्ण सत्यार्थी की अध्यक्षता में समाहरणालय सभागार में केन्द्र प्रायोजित मिशन शक्ति के तहत संचालित नारी अदालत योजना के अंतर्गत काशिदा पंचायत, घाटशिला में प्रस्तावित नारी अदालत के संचालन एवं कार्यप्रणाली पर उन्मुखीकरण कार्यशाला का आयोजन किया गया. कार्यशाला में नारी अदालत की संरचना, उद्देश्यों एवं संचालन प्रक्रिया की जानकारी दी गई. बताया गया कि योजना का उद्देश्य महिलाओं से संबंधित पारिवारिक, सामाजिक एवं सामुदायिक विवादों का स्थानीय स्तर पर सौहार्दपूर्ण समाधान सुनिश्चित करना है, जिससे महिलाओं को त्वरित एवं सुलभ न्याय मिल सके. नारी अदालत योजनान्तर्गत ग्राम पंचायत स्तर पर महिलाओं द्वारा सामना किए जानेवाले छोटे प्रकृति के मामलों (उत्पीडऩ, तोडफोड़, अधिकारों या अधिकारों में कटौती) को हल करने के लिए महिलाओं को वैकल्पिक शिकायत निवारण तंत्र प्रदान करने के लिए नारी अदालत योजना की शुरूआत की जा रही है.
उपायुक्त ने संबंधित पदाधिकारियों को निर्देश दिया कि पंचायत स्तर पर महिलाओं की सहभागिता सुनिश्चित करते हुए नारी अदालत का प्रभावी क्रियान्वयन किया जाए. कहा कि यह पहल महिला सशक्तिकरण की दिशा में महत्वपूर्ण कदम है तथा इससे ग्रामीण क्षेत्रों में जागरूकता और आत्मविश्वास का वातावरण सुदृढ़ होगा. कार्यशाला में उप विकास आयुक्त नागेन्द्र पासवान, जिला समाज कल्याण पदाधिकारी संध्या रानी सहित जेएसएलपीएस स्वयं सहायता समूह की महिलाएं, कशीदा एवं विक्रमपुर, मुखिया प्रतिनिधि, ग्राम प्रधान, काशिदा पंचायत की महिला पर्यवेक्षिका घाटशिला उपस्थित थे.
