मणिपाल टाटा कॉलेज के कार्यक्रम में भी शामिल होंगी महामहिम
शहर पहुंचे सीआईडी के एडीजीपी व ग्रामीण विकास विभाग के सचिव, लिया जायजा
जमशेदपुर : राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू के आगामी 26 फरवरी को शहरागमन होगा. वे श्री जगन्नाथ आध्यात्मिक एवं सांस्कृतिक धर्मार्थ केन्द्र ट्रस्ट, कदमा के भूमिपूजन कार्यक्रम में शामिल होंगी. इसके उपरांत मणिपाल टाटा मेडिकल कॉलेज के कार्यक्रम में भी सहभागिता प्रस्तावित है. उनके आगमन को लेकर जिला प्रशासन द्वारा व्यापक तैयारियां की जा रही है. कार्यक्रम स्थलों पर सुरक्षा, प्रोटोकॉल एवं व्यवस्थाओं की सूक्ष्म समीक्षा हेतु अपर पुलिस महानिदेशक (सीआईडी) मनोज कौशिक तथा ग्रामीण विकास विभाग के सचिव मनोज कुमार ने उपायुक्त कर्ण सत्यार्थी एवं वरीय पुलिस अधीक्षक के साथ स्थल निरीक्षण किया.
निरीक्षण के दौरान दोनों वरीय अधिकारियों ने कार्यक्रम स्थल की सुरक्षा व्यवस्था, यातायात नियंत्रण, आगंतुकों की बैठने की व्यवस्था, आपात चिकित्सा सुविधा, अग्निशमन प्रबंध, विद्युत आपूर्ति, स्वच्छता, पेयजल एवं अन्य मूलभूत सुविधाओं का विस्तृत जायजा लिया तथा प्रशासनिक दृष्टिकोण से अन्य आवश्यक बिंदुओं की तैयारी की समीक्षा की तथा आयोजकों से भी कार्यक्रम की जानकारी ली. अधिकारियों ने विशेष रूप से राष्ट्रपति आगमन से संबंधित निर्धारित प्रोटोकॉल का अनुपालन सुनिश्चित करने, सुरक्षा मानकों में किसी प्रकार की शिथिलता न बरतने तथा कार्यक्रम को व्यवस्थित ढंग से संपन्न कराने पर बल दिया. संबंधित सभी विभागों को निर्देश दिया कि वे निर्धारित समय-सीमा के भीतर सभी व्यवस्थाओं एवं आपसी समन्वय के कार्य को अंतिम रूप देकर कार्यक्रम की सफलता सुनिश्चित करें.
