मनरेगा से आच्छादित परिवारों को उपलब्ध कराएंगे 100 दिनों का कार्य
‘मनरेगा का विश्वास, रोजगार से विकास’ अभियान की बैठक
जमशेदपुर : उप विकास आयुक्त सह अतिरिक्त जिला कार्यक्रम समन्वयक पदाधिकारी नागेन्द्र पासवान की अध्यक्षता में ‘मनरेगा का विश्वास, रोजगार से विकास’ अभियान की बैठक हुई. इस अवसर पर डीपीएम, जेएसएलपीएस पंचायती राज, सभी प्रखंड विकास पदाधिकारी, सभी प्रखंड कार्यक्रम पदाधिकारी एवं सीएसओ के प्रतिनिधि शामिल हुए. जबकि क्षेत्रीय पदाधिकारियों ने वर्चुवल माध्यम से बैठक में हिस्सा लिया.
बैठक में अभियान का उद्देश्य, गतिविधि एवं अभियान पर चर्चा करते हुए उप विकास आयुक्त ने कहा कि मनरेगा से आच्छादित परिवारों को प्रावधानानुसार 100 दिनों का कार्य उपलब्ध कराना, ग्रामीण परिवारों को आधार लिंक केवाईसी युक्त जॉब कार्ड उपलब्ध कराना, इच्छुक परिवारों को मांग के अनुरूप 15 दिनों के अंदर रोजगार उपलब्ध कराना, महिलाओं एवं वंचित परिवारों की अधिक से अधिक भागीदारी सुनिश्चित करना, ग्रामीण क्षेत्र में पलायन को कम करने के उद्देश्य से इच्छुक परिवारों को रोजगार उपलब्ध कराना, टिकाऊ एवं उपयोगी परिसंपत्ति का सृजन करना प्रमुख लक्ष्य है.
सभी प्रखंडों में आज होगी बैठक, बनेगी रणनीति
अभियान के तहत कल, 14 फरवरी को प्रखंडस्तरीय बैठक सभी प्रखंडों में होगी, जिसमें अभियान के संबंध में सभी मुखिया, प्रमुख, वार्ड सदस्य, प्रखंड कार्यक्रम पदाधिकारी मनरेगा, प्रखंड समन्वयक पंचायती राज, सीएसओ के प्रतिनिधि, जीआरएस पंचायत सचिव, सहायक अभियंता, कनीय अभियंता मनरेगा को जानकारी देने के साथ अभियान की सफलता हेतु रणनीति बनाई जाएगी.
