मुंडा के बेहतरीन शॉट्स ने गोल्फरों को किया मंत्रमुग्ध
गोलमुरी गोल्फ कोर्स में स्टील सिटी गोल्फ टूर्नामेंट का शुभारंभ
जमशेदपुर : प्रतिष्ठित स्टील सिटी गोल्फ टूर्नामेंट के 75वां संस्करण का शुभारम्भ शुक्रवार को गोलमुरी गोल्फ कोर्स में हुआ. पूर्व केंद्रीय मंत्री तथा झारखंड के पूर्व मुख्यमंत्री अर्जुन मुंडा ने इसका उद्घाटन किया. इस अवसर पर श्री मुंडा ने अपने बेहतरीन शॉट्स से अन्य गोल्फरों को मंत्रमुग्ध कर दिया. मौके पर श्री मुंडा ने आयोजकों की सराहना करते हुए टूर्नामेंट की लंबी परंपरा और उत्कृष्ट संगठन क्षमता की तारीफ की. मौके पर जमशेदपुर गोल्फ सचिव और टाटा स्टील लिमिटेड के चीफ सेफ्टी नीरज कुमार सिन्हा, जकैपसीपएल के मैनेजिंग डायरेक्टर अभिजीत अविनाश ननोती, वरुण बजाज, टाटा स्टील के चीफ कॉर्पोरेट सर्विसेज, बी. चंद्रशेखर, चेयरपर्सन, डीबीएमएस और एक्स एल आर आई एलुमनी कमेटी के ग्लोबल प्रेसिडेंट राणवीर सिन्हा भी उपस्थित थे.
यह टूर्नामेंट 18-होल की बेल्डीह और गोलमुरी गोल्फ कोर्स में आयोजित हो रहा है, जिसमें पटना, भुवनेश्वर, पारादीप, रांची, दिल्ली और जमशेदपुर समेत कई प्रमुख शहरों से 250 से अधिक प्रतिभागी हिस्सा ले रहे हैं. टूर्नामेंट का समापन समारोह रविवार को होगा, जिसमें टाटा स्टील के सीईओ और एमडी टीवी नरेंद्रन विजेताओं को सम्मानित करेंगे. दशकों से स्टील सिटी गोल्फ टूर्नामेंट प्रतिस्पर्धात्मक उत्कृष्टता, संगठित आयोजन और गर्मजोशी से स्वागत के लिए जाना जाता है और यह क्षेत्र की सबसे प्रतीक्षित खेल घटनाओं में से एक बन चुका है.
