October 19, 2025

मुख्यमंत्री वीरता पदक से नवाजे जाएंगे नरेंद्र सिंह और राकेश रंजन

jharkhand-police

नक्सलियों को धूल चटाने वाले अफसर होंगे सम्मानित, मुख्यमंत्री वीरता पदक से नवाजे जाएंगे नरेंद्र सिंह और राकेश रंजन

झारखंड स्थापना दिवस के अवसर पर राज्य सरकार ने वीरता, कर्तव्यनिष्ठा और अदम्य साहस का परिचय देने वाले 6 पुलिस अधिकारियों और जवानों को झारखंड मुख्यमंत्री वीरता पदक से सम्मानित करने की घोषणा की है। इनमें प्रमुख रूप से आईजी नरेंद्र कुमार सिंह और एसपी राकेश रंजन शामिल हैं, जिन्होंने चतरा में नक्सलियों के खिलाफ एक ऐतिहासिक ऑपरेशन का नेतृत्व किया था।

वीरता पदक से सम्मानित होने वाले अन्य अधिकारियों में डीएसपी प्रकाश सोय (कोतवाली, रांची), पु.अ.नि. शंकर प्रसाद कुशवाहा, राजबल्लभ कुमार, और शिवलाल कुमार गुप्ता (तीनों गढ़वा जिला बल से) शामिल हैं।

गौरतलब है कि नरेंद्र कुमार सिंह (तत्कालीन डीआईजी, उत्तर छोटानागपुर, हजारीबाग) और राकेश रंजन (तत्कालीन एसपी, चतरा) की नेतृत्व वाली टीम ने 2 अप्रैल 2023 को चतरा जिले के लावालौंग थाना क्षेत्र में एक बड़ी मुठभेड़ में पांच कुख्यात माओवादियों को ढेर किया था। मारे गए नक्सलियों में दो 25 लाख के इनामी और तीन 5 लाख के इनामी सब जोनल कमांडर शामिल थे।

यह सम्मान न सिर्फ इन अधिकारियों के साहस को मान्यता देता है, बल्कि राज्य के युवाओं को कर्तव्यपरायणता और बहादुरी की प्रेरणा भी देता है।
तीन अधिकारियों को मिलेगा झारखंड राज्यपाल पदक
विशिष्ट सेवा के लिए आईजी प्रभात कुमार (विशेष शाखा), एएसआई श्याम कुमार (देवघर जिला बल) और एएसआई मोहम्मद नौशाद अली (बोकारो जिला बल) को झारखंड राज्यपाल पदक से अलंकृत किया जायेगा ।
31 पुलिसकर्मी सम्मानित होंगे ‘सराहनीय सेवा पदक’ से
राज्य सरकार ने कर्तव्यपरायणता, सतर्कता और अनुकरणीय सेवा के लिए 31 पुलिसकर्मियों को झारखंड पुलिस पदक से सम्मानित किया जायेगा। इनमें डीआईजी से लेकर सिपाही स्तर के अधिकारी शामिल हैं। विशेष रूप से आईजी सुनील भास्कर, एसपी डॉ. विमल कुमार, एएसपी अजय कुमार, झारखंड जगुआर, सीआईडी, एसटीएफ और जैप बलों के कई अधिकारी व जवानों ने अपनी सेवाओं से राज्य को गौरवान्वित किया।