रायरंगपुर में राष्ट्रीय सड़क सुरक्षा माह का शुभारंभ, जागरूकता रैली निकाली गई
रायरंगपुर। राष्ट्रीय सड़क सुरक्षा माह (1 से 31 जनवरी) के अवसर पर आज सुबह 8:30 बजे रायरंगपुर क्षेत्रीय परिवहन कार्यालय परिसर में एक जागरूकता कार्यक्रम का आयोजन किया गया। यह कार्यक्रम अतिरिक्त क्षेत्रीय परिवहन अधिकारी, रायरंगपुर के निर्देशानुसार आयोजित हुआ।कार्यक्रम में रायरंगपुर के अतिरिक्त जिला कलेक्टर सुचारू कुमार बाला, उप जिला कलेक्टर सौम्य रंजन प्रधान, अतिरिक्त जिला सुरक्षा अधिकारी यदुनाथ जेना, उप-जिला सुरक्षा अधिकारी गोकुलानंद साहू, अतिरिक्त क्षेत्रीय परिवहन अधिकारी चिन्मयी महानथ तथा जिला सूचना एवं जनसंपर्क अधिकारी विकास रंजन मोहंती उपस्थित रहे।
कार्यक्रम की शुरुआत सड़क सुरक्षा शपथ के साथ हुई, जिसमें उपस्थित सभी अधिकारियों, कर्मचारियों और प्रतिभागियों ने यातायात नियमों का पालन करने का संकल्प लिया। इसके बाद अतिथियों ने हरी झंडी दिखाकर सड़क सुरक्षा जागरूकता रैली को रवाना किया। रैली शहर के विभिन्न हिस्सों से होकर गुजरी और लोगों को यातायात नियमों के प्रति जागरूक किया।

रैली के दौरान लोगों को बिना ड्राइविंग लाइसेंस के वाहन न चलाने, तेज गति से वाहन न चलाने, नाबालिगों को वाहन न सौंपने, दोपहिया वाहन पर चालक व पीछे बैठने वाले दोनों के लिए हेलमेट अनिवार्य करने, तीन सवारी न बैठाने, चार पहिया वाहन में सीट बेल्ट पहनने, शराब या नशे की हालत में वाहन न चलाने, मोबाइल फोन का उपयोग न करने, जेब्रा क्रॉसिंग का पालन करने तथा सुरक्षित ओवरटेकिंग जैसे महत्वपूर्ण संदेश दिए गए।
इसके साथ ही लोगों को निर्धारित स्थान से ही सड़क पार करने, वाहन में तय क्षमता से अधिक सवारी न बैठाने, स्कूल और अस्पताल के पास विशेष सावधानी बरतने, वाहन के आवश्यक दस्तावेज जैसे ड्राइविंग लाइसेंस, आरसी, प्रदूषण प्रमाण पत्र और बीमा को समय पर नवीनीकरण कराने तथा वाहन के ब्रेक, इंडिकेटर और अन्य उपकरणों को दुरुस्त रखने की सलाह दी गई। नियमों का उल्लंघन करने पर कानूनी कार्रवाई और जुर्माने की जानकारी भी दी गई।
रीजनल ट्रांसपोर्ट कमिश्नर ने बताया कि यह जागरूकता अभियान 31 जनवरी तक चलेगा और प्रशासन का उद्देश्य “रोड सेफ्टी सेव्स लाइव्स” के संदेश को जन-जन तक पहुंचाते हुए सड़क दुर्घटनाओं में होने वाली मौतों को शून्य तक लाना है।

आज की रैली में विभिन्न शैक्षणिक संस्थानों के छात्र-छात्राओं ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। कार्यक्रम में विमेंस कॉलेज के प्रोफेसर श्री विजय राम, रायरंगपुर क्षेत्रीय परिवहन कार्यालय के अधिकारी व कर्मचारी, ट्रक ओनर्स एसोसिएशन, ऑटो ओनर्स एसोसिएशन, परिवहन विभाग के कर्मचारी तथा मीडिया प्रतिनिधि भी उपस्थित रहे।
