निर्वाची पदाधिकारी की होगी जिम्मेवारी, मतपत्र में न रहें कोई त्रुटि
पंचायत चुनाव को संपन्न कराने हेतु गठित कोषांगों के पदाधिकारियों के साथ उपायुक्त ने की बैठक
जमशेदपुर : जिला निर्वाचन पदाधिकारी सह उपायुक्त कर्ण सत्यार्थी की अध्यक्षता में नगरपालिका चुनाव के सफल संचालन को लेकर गठित सभी कोषांगों के पदाधिकारियों के साथ समीक्षा बैठक हुई, जिसमें निर्वाचन कोषांग को टेंडर प्रक्रिया पूर्ण करने एवं मतगणना से संबंधित योजना के ड्राफ्ट को अंतिम रूप देने का निर्देश दिया गया. कार्मिक कोषांग को चुनाव ड्यूटी हेतु कर्मियों की पोर्टल पर प्रविष्टि सुनिश्चित करने तथा चुनाव कार्य से मुक्त किए जाने से संबंधित आवेदनों के निष्पादन हेतु मेडिकल बोर्ड के गठन का निर्देश दिया गया.
प्रशिक्षण कोषांग को कर्मियों का तीन चरणों में प्रशिक्षण पूर्ण कराने एवं मास्टर ट्रेनर की योग्यता जांच हेतु टेस्ट परीक्षा आयोजित करने तथा मतपत्र एवं मतपेटिका कोषांग को उपलब्ध बैलेट बॉक्स का आकलन कर आवश्यक मेंटेनेंस कार्य समय रहते पूर्ण कराने को कहा गया. साथ ही स्पष्ट किया गया कि मतपत्र में किसी भी प्रकार की त्रुटि न हो, इसकी पूरी जिम्मेवारी संबंधित निर्वाची पदाधिकारी की होगी. सेक्टर मजिस्ट्रेट को सभी मतदान केन्द्रों का अनिवार्य रूप से भौतिक सत्यापन करते हुए न्यूनतम आवश्यक सुविधाओं की उपलब्धता तथा रूट चार्ट के अनुसार बूथ टैगिंग का प्रतिवेदन शीघ्र समर्पित करने को कहा गया. परिवहन कोषांग को आवश्यकता के अनुरूप छोटी एवं बड़ी गाडिय़ों की पर्याप्त व्यवस्था सुनिश्चित करने का निर्देश दिया गया. विधि-व्यवस्था कोषांग को समय-समय पर आयोग को प्रतिवेदन भेजने, आदर्श आचार संहिता के उल्लंघन पर कार्रवाई करने तथा निर्वाचन क्षेत्र में धारा 144 लागू करने के निर्देश दिए गए. बैठक में डीडीसी नागेंद्र पासवान, एसडीएम धालभूम अर्नव मिश्रा सहित सभी कोषांग के वरीय पदाधिकारी मौजूद थे.
मंगलवार को तीनों निकाय के 15 प्रत्याशियों ने भरा पर्चा
नगरपालिका चुनाव के नामांकन की प्रक्रिया के आज पांचवा दिन मानगो नगर निगम में महापौर पद के चुनाव हेतु कुल 5, जुगसलाई नगर परिषद में अध्यक्ष पद हेतु कुल 8 तथा चाकुलिया नगर पंचायत क्षेत्र हेतु अध्यक्ष पद हेतु 2 अभ्यर्थियों ने निर्वाची पदाधिकारी के समक्ष नामांकन प्रपत्र दाखिल किया. मानगो नगर निगम के महापौर पद के लिए नामांकन प्रपत्र दाखिल करनेवालों में सुधा गुप्ता, कुमकुम श्रीवास्तव, जेबा कादरी, शाबाना बानो एवं शाइस्ता परवीन उर्फ जेबा खान शामिल हैं. जुगसलाई नगर परिषद अध्यक्ष पद के लिए नामांकन प्रपत्र दाखिल करनेवालों में आरती चौधरी, जसप्रीत कौर, नौशीन खान, इंदू देवी, नीलूफर हुसैन, नूतन सिंह शामिल है. वहीं चाकुलिया नगर पंचायत क्षेत्र के अध्यक्ष पद के लिए नामांकन प्रपत्र दाखिल करनेवालों में संध्या रानी सरदार एवं चन्दना मुर्मू शामिल हैं.
