नववर्ष के स्वागत में श्याम बाबा के भजनों की प्रस्तुति
साकची अग्रसेन भवन में जुटे श्रद्धालु, प्रसाद वितरण के साथ हुआ समापन
जमशेदपुर : शहर के श्याम प्रेमियों ने पुराने साल की विदाई और नये साल का स्वागत बाबा श्याम के दरबार में भजनों के साथ किया. इस हेतु साकची श्री अग्रसेन भवन में श्याम बाबा का भव्य दरबार सजाया गया था. बुधवार की देर रात्रि बाबा श्याम की पूजा अर्चना, ज्योत प्रज्जवलित सहित श्री गणेश वंदना से भजनों का शुभारंभ हुआ. यजमान पिंकी-पंकज छावछरिया और सीमा-राजेश अग्रवाल ने पूजा की. इस दौरान पांच भक्तों को बाबा श्याम का खजाना चांदी का सिक्का उपहार स्वरूप भेंट की गई. भजन गायक कानपुर के बेटू आलिया सहित स्थानीय भजन गायक कविता अग्रवाल, सक्षम पल्सानिया ने बाबा श्याम के कई भजन प्रस्तुत किये.
गायकों ने मत होना मन बांवरे उदास, वो सांवरा जरूर आएगा…, हार गया मैं बाबा अब तो दामन थाम ले…, दीवाने मुझे ले चल खाटु धाम…, हम तो बाबा के भरोसे चलते हैं…, चल खाटू के धाम पता नहीं क्या तुझे मिल जाए…, शरण तुम्हारी जो मिल गयी हैं सांवरे…आदि भजन प्रस्तुत किया. कार्यक्रम का आकर्षण श्याम बाबा का फूलों से सजा भव्य दरबार, केक कटिंग, भव्य ज्योत, लॉटरी के माध्यम से बाबा का खजाना, भजनों की रसधारा, श्याम रसोई प्रसाद रहा. इसे सफल बनाने में पंकज छावछरिया, विक्की अग्रवाल, मालीराम अग्रवाल, रतन अग्रवाल, विकास अग्रवाल, लालचंद अग्रवाल, शैलेश अग्रवाल, श्याम अग्रवाल सहित अन्य का योगदान रहा.
