February 21, 2026

ओलंपियाड में जीती राशि सहपाठी को किया समर्पित

IMG-20260220-WA0004

लोयोला स्कूल, टेल्को की छात्रा विधि पल्सानिया को स्कूल प्रबंधन ने दी बधाई

जमशेदपुर : लोयोला स्कूल टेल्को की कक्षा 5 की छात्रा विधि पल्सानिया ने यूनिफाइड काउंसिल इंग्लिश ओलंपियाड 2025-26 में अंतर्राष्ट्रीय स्तर पर प्रथम स्थान प्राप्त किया है, जिसका आयोजन यूनिफाइड काउंसिल द्वारा किया गया था. उनकी इस उत्कृष्ट उपलब्धि के लिए विधि को 10 हजार रु. नकद राशि, प्रशंसा-पत्र तथा स्वर्ण पदक से सम्मानित किया गया. विधि ने अपनी पुरस्कार राशि विद्यालय के एक जरुरतमंद विद्यार्थी की सहायता के लिए समर्पित कर दी.
विधि ओलंपियाड और क्विज प्रतियोगिताओं में उत्साहपूर्वक भाग लेती हैं और स्वयं को निरंतर सीखने तथा आगे बढऩे के लिए प्रेरित करती रहती हैं. उन्होंने माइंड मंत्रा चैंपियनशिप में भी स्वर्ण पदक प्राप्त किया है और अब उसके तृतीय चरण की प्रतीक्षा कर रही है. इसके अतिरिक्त उन्होंने मैथ्स ओलंपियाड में भी भाग लिया है, जिसके परिणाम की प्रतीक्षा है. उनके पिता विशाल पल्सानिया ने बताया कि विधि अत्यंत ईमानदारी और दृढ़ निश्चय के साथ मेहनत करती हैं तथा उन्हें विश्वास है कि वह भविष्य में भी अपने सभी प्रयासों में उत्कृष्ट प्रदर्शन करेंगी. इस उपलब्धि पर विद्यालय के प्राचार्य चरणजीत ओहसन तथा प्रशासक फादर जेरी ने विधि और उनके परिवार को इस सफलता पर बधाई दी और उनके उज्ज्वल भविष्य के लिए शुभकामनाएं दी.