पैडमेन तरुण व मुखिया कान्हू को मिला ‘अलंकार अवार्ड’
फाउंडर्स डे पर आयोजित कार्यक्रम में टाटा मोटर्स के प्लांट हेड अनुराग छारिया ने किया सम्मानित
जमशेदपुर : टाटा समूह के संस्थापक जेएन टाटा की जयंती पर संस्थापक दिवस धूमधाम से मनाया गया. इस अवसर पर झारखंड के पैडमैन के नाम से मशहूर सामाजिक कार्यकर्ता तरूण कुमार एवं शहर से सटे पंचायत केरूआडूंगरी के मुखिया कान्हु मुर्मू को टाटा मोटर्स सीएसआर द्वारा अलंकार अवार्ड से सम्मानित किया गया. टेल्को रिक्रिएशन क्लब में आयोजित कार्यक्रम में टाटा मोटर्स प्लांट हेड अनुराग छारिया ने सामाजिक क्षेत्र में उल्लेखनीय कार्य के लिये कान्हु मुर्मू व तरुण कुमार को सम्मानित किया. सुबह में कंपनी परिसर में भी आयोजित कार्यक्रम में वरीय अधिकारियों के समक्ष सामाजिक कार्यों पर विस्तृत चर्चा के दौरान भी उन्हें सम्मानित किया गया था.
ज्ञात हो कि तरुण कुमार सामाजिक संस्था निश्चय फाउंडेशन के संस्थापक हैं तथा गत 16 वर्षों से भी ज्यादा समय से कई प्रेरक सामाजिक अभियानों के माध्यम से झारखंड के सुदूर गांवों में रहनेवाले बच्चों के बेहतरी के लिए सीमित संसाधनों में भी लगातार काम कर रहे हैं. वहीं केरूआडूंगरी पंचायत के मुखिया कान्हु मुर्मू, पूर्वी सिंहभूम मुखिया संघ के अध्यक्ष हैं. कान्हु के सामुदायिक नेतृत्व, बेहतर जनसंपर्क से आदिवासी बहुल पंचायत तेजी से आदर्श पंचायत के रूप में उभर रहा है. वे ग्राम सभा को मजबूत बनाने हेतु पेसा क़ानून के प्रशिक्षक के रूप में भी कोल्हान स्तर पर सेवाएं दे रहे हैं.
